- अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का मामला, तीन अन्य स्थानों पर भी लूट
इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में मोबाइल लूटकर भागे दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने पकड़ लिया है। आरोपी लूट का मोबाइल बेचने के लिए घूम रहे थे, इसी दौरान पुलिस की टीम वहां पर पहुंच गई।
अथर्व पिता ज्ञानेश टिल्लू (19) निवासी लोकमान्य नगर की शिकायत पर अमन जाधव पिता आनंद और रोहित पिता अशोक झांझोट दोनों निवासी बाबू घनश्याम दास नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पैदल ही पुराने आरटीओ के पास से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी स्कूटर से वहां पर आए और उनका मोबाइल लूटकर भाग गए। दोनों आरोपी सस्ते में मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे थे, इसी दौरान मुखबिर से क्राइम ब्रांच को सूचना मिली और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों ही आरोपियों से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। वहीं राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रीजनल पार्क के पास कविता पिता कैलाश निवासी राजरानी नगर का आरोपी निखिल पिता कालू राम निवासी गणेश नगर ने मोबाइल लूट लिया। इसके अलावा विजय नगर में अनुप्रिया जैन निवासी स्कीम 54 का मोबाइल भी स्कूटर सवार बदमाश लूटकर भाग गए।
घर के सामने महिला को लूटा
हीरा नगर थाना क्षेत्र में घर के सामने टहल रही महिला को आरोपियों ने लूट लिया। अनीता जैन निवासी न्याय नगर मेन रोड की शिकायत पर बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी बाइक से उनके पास से निकले और झपट्टा मारकर सोने की चेन कीमत 50 हजार रुपए छीनकर भाग गए।