
इंदौर. शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ई-रिक्शा को एबी रोड, पुराना, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर पर प्रतिबंधित किया गया है। इससे पहले ई-रिक्शा के लिए रंग के आधार पर भी नियम निर्धारित किए गए थे। हालांकि, शहर में सवाल यह है कि हर बार नए नियम बनाने के बजाय उनका सख्ती से पालन क्यों नहीं कराया जाता। इसी विषय पर चर्चा की गई। चर्चा में प्रोफेसरों कहना है कि यातायात सुधार के लिए नियम बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका लगातार पालन कराना भी जरूरी है। अक्सर देखा जाता है कि शुरुआत में कुछ दिनों तक सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन एक-दो महीने बाद व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौट आती है। अधिकारियों के बदलने के साथ नियमों में बदलाव नहीं होना चाहिए। यातायात व्यवस्था किसी एक अधिकारी की प्राथमिकता नहीं, बल्कि शहर की स्थायी जरूरत होनी चाहिए। यदि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई होती रहे तो ही शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सकती है।
ई-रिक्शा निश्चित रूप से रोजगार सृजन और सस्ती परिवहन सुविधा का सशक्त माध्यम हैं, लेकिन किसी की आजीविका का संरक्षण शहर की सामूहिक यातायात व्यवस्था की कीमत पर नहीं होना चाहिए। एबी रोड, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर जैसे प्रमुख मार्ग पहले ही वाहनों के बढ़ते दबाव से जूझ रहे हैं। ऐसे में इन मार्गों पर ई-रिक्शा का प्रतिबंध यातायात सुगमता की दृष्टि से उचित पहल है। हालांकि, प्रतिबंध के साथ वैकल्पिक मार्ग, निर्धारित संचालन क्षेत्र और सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था भी अनिवार्य है। प्रशासन को यह समझना होगा कि सडक़ किसी एक वर्ग की सुविधा का साधन नहीं, बल्कि समूचे शहर की साझा सार्वजनिक संपत्ति है। ई-रिक्शा चालकों का रोजगार भी सुरक्षित रहे और आम नागरिकों का आवागमन भी बाधित न हो, यही संतुलित व्यवस्था की कसौटी है। आखिर शहर की सडक़ें किसी की निजी जागीर नहीं हैं कि जो जहां चाहे, अपना पड़ाव बना ले। सुविधा का अधिकार सबको है, लेकिन अनुशासन की जिम्मेदारी भी सबकी है।
- डॉ. श्याम सुन्दर पलोड, राष्ट्रीय कवि
शहर की यातायात व्यवस्था में सबसे बड़ी समस्या नियमों का अभाव नहीं, बल्कि उनके क्रियान्वयन की निरंतरता का अभाव है। हर नए अधिकारी के साथ प्राथमिकताएं बदल जाती हैं और पिछली व्यवस्था धीरे-धीरे फाइलों में सिमट जाती है। ई-रिक्शा के रंग निर्धारण से लेकर मार्ग प्रतिबंध तक अनेक प्रयोग हुए, लेकिन उनका स्थायित्व जरूरी है। प्रतिबंध लागू करने के बाद प्रशासन को पीछे नहीं हटना चाहिए। यातायात प्रबंधन किसी अधिकारी की व्यक्तिगत पहल नहीं, बल्कि संस्थागत जिम्मेदारी होनी चाहिए। अधिकारी आते-जाते रहेंगे, लेकिन शहर की सडक़ें और नागरिकों की परेशानियां स्थायी हैं।
-अंशुल व्यास, युवा विचारक
इंदौर ने स्वच्छता में देशभर में अपनी पहचान बनाई है, लेकिन अब यातायात अनुशासन में भी मिसाल बनना होगा। ई-रिक्शा पर प्रतिबंध का निर्णय तभी सफल होगा जब पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से नियमित निगरानी करें। केवल चालान काटना पर्याप्त नहीं, बल्कि प्रतिबंधित मार्गों पर प्रवेश रोकने की ठोस व्यवस्था बनानी होगी। सीसीटीवी, नियमित चेकिंग और उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। अक्सर देखा जाता है कि शुरुआत में प्रशासनिक सख्ती दिखाई देती है, फिर धीरे-धीरे नियमों की धार कुंद हो जाती है। याद रखिए, सडक़ें नियमों से चलती हैं, रहम और सिफारिश से नहीं। शहर को व्यवस्था चाहिए, केवल घोषणाओं की चमक नहीं।
- प्रो.आयुषी जोशी, प्राध्यापक
शहर में एबी रोड के पुराने हिस्से, एमजी रोड और सुपर कॉरिडोर पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने का निर्णय यातायात सुधार की दिशा में आवश्यक कदम है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह निर्णय स्थायी रूप से लागू रह पाएगा? पहले ई-रिक्शा के रंग निर्धारित किए गए, अनेक नियम बने, लेकिन कुछ समय बाद उनकी अनदेखी होने लगी। नियमों की सार्थकता तभी है जब उनका पालन सुनिश्चित हो। प्रशासन को चाहिए कि कार्रवाई कुछ दिनों की मुहिम न बनकर निरंतर व्यवस्था बने। शहर में अनुशासन तभी आएगा जब नियमों का उल्लंघन करने वालों को यह विश्वास न रहे कि कुछ दिन बाद सब सामान्य हो जाएगा।
-आदर्श चितलांग्या, कर सलाहकार (सीए)