
इंदौर. देशभर में साफ—सफाई में नंबर-वन बने इंदौर में एक ऐसी पहल प्रारंभ की गई है जोकि दुनियाभर के लिए मिसाल बन गई है। यहां के गुरुद्वारों में जरूरतमंदों के लिए हर सुविधा जुटाई जा रही है. इसके लिए श्री गुरु सिंघ सभा द्वारा विशेष कमरे बनवाए जा रहे हैं जहां न केवल लोग जरूरत का कोई भी सामान छोड़ सकते हैं बल्कि जरूरतमंद इन सामानों को ले भी जा सकेंगे।
श्री गुरु सिंघ सभा शहर के 32 गुरुद्वारों में विशेष कमरे बनवा रही है। इन कमरों में लोग जरूरत का कोई भी सामान छोड़ सकते हैं। इनमें टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन भी शामिल है। खास बात यह है कि यहां का सामान कोई भी जरूरतमंद ले जा सकेगा. किसी भी समाज का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति कमरे में आकर अपनी जरूरत का सामान ले जा सकेगा।
श्री गुरु सिंघ सभा के अध्यक्ष मनजीत सिंह भाटिया के मुताबिक इन विशेष कमरों में कभी ताला भी नहीं लगाया जाएगा। गुरु सिंघ समाज द्वारा गुरुनानक देवजी के जन्मोत्सव यानि प्रकाश पर्व पर ये योजना तैयार की गई जिसे तेरा-तेरा-तेरा योजना नाम दिया गया है। शहर के गुरुद्वारों में कमरे बनवाने के लिए गुरुद्वारा कमेटी को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। सहमति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
इन कमरों में लोग किसी भी खास मौकों पर जरूरतमंदों के लिए गिफ्ट या सामान रख सकेंगे। यहां कंबल, प्रेस, सिलाई मशीन से लेकर टीवी, कूलर आदि सामान रखे जा सकेंगे. जरूरतमंद यहां से अपनी जरूरत का सामान बिना रोक-टोक ले जा सकेगा। सामान लेने की इच्छा जतानेवाले किसी को भी जरूरतमंद को मना नहीं किया जाएगा. सभी गुरुद्वारों में इन कमरों में ताला नहीं लगाया जाएगा और ये सुविधा 24 घंटे दी जाएगी।