इंदौर

समझौता नहीं हुआ तो घर लौटते ही चाकू से कर दी पत्नी की हत्या, मूकबधिर बहन पर भी किए वार

पारिवारिक विवाद के चलते परामर्श केंद्र पर काउंसलिंग से लौटते समय विवाद हुआ था
2 min read
• •
Updated: 11 Aug 2019, 12:01 PM IST
indore
समझौता नहीं हुआ तो घर लौटते ही चाकू से कर दी पत्नी की हत्या, मूकबधिर बहन पर भी किए वार

इंदौर. आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने चाकू से गोदकर पत्नी की हत्या कर दी। उसे बचाने आई बहन पर भी हमला किया। पारिवारिक विवाद के चलते परामर्श केंद्र पर काउंसलिंग से लौटते समय विवाद हुआ था। पत्नी साथ नहीं रहना चाहती थी, पति से भरण-पोषण दिलाने की मांग कर रही थी।

टीआई संजय शर्मा ने बताया, गोल चौराहे के पास शनिवार दोपहर 3.15 बजे रुखसार खान (23) पर पति आमिर खान (25) ने चाकू से गले पर वार किया। मूक-बधिर बहन शहनाज (20) बचाने आई तो उसे भी सिर में चाकू मार दिया और भाग निकला। घायलों को लोगों ने एमवाय अस्पताल भिजवाया, जहां रुखसार को मृत घोषित कर दिया गया। शहनाज की हालत भी गंभीर है। आमिर व रुखसार की शादी दो साल पहले हुई थी। उनकी 11 माह की बेटी है।

टीआई के मुताबिक, रुखसार की तीसरी शादी थी। उसकी चार साल की बेटी और है। आमिर पुताई का काम करता है। रुखसार ने पुलिस को शिकायत की थी कि पति शराब पीकर आए दिन मारपीट करता है। जुआ भी खेलता है। शनिवार को आजाद नगर सीएसपी ऑफिस स्थित परामर्श केंद्र पर दंपती को कॉउंसलिंग के लिए बुलाया गया। रुखसार ने पति के साथ रहने से मना कर दिया। वह कोर्ट से भरण-पोषण दिलाने की बात कर रही थी। दोनों को अगले शनिवार फिर बुलाया गया था। घर पहुंचने पर विवाद हो गया। आमिर बच्ची को घर में छोडक़र चाकू लेकर बाहर आया और पत्नी पर हमला कर दिया। आमिर की तलाश की जा रही है।

Published on: