इंदौर

इंदौर के अस्पताल में भर्ती दो बच्चों को चूहों ने कुतर दिया, अब हुआ एक्शन

Indore News: इंदौर के एमवायएच अस्पताल मेंजिन दो नवजातों को चूहों ने कुतरा उनमें से एक की मौत, डीन ने अफसर, कर्मियों और कंपनी पर की कार्रवाई, विभाग ने डीन को भेजा नोटिस
2 min read
• •
Updated: 3 Sep 2025, 9:59 AM IST
Indore News
Indore News: एमवायएच में चूहों के आतंक से गई नवजात की जान।

Indore News: सूबे का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल एमवाय का प्रबंधन चूहों को कंट्रोल नहीं कर पा रहा। चूहे नवजातों को कुतर रहे हैं। इससे एक की जान चली गई। हालांकि प्रबंधन चूहों को वजह नहीं मान रहा। अस्पताल परिसर में ड्रेनेज लाइन और सीवेज चैंबर के टूटे ढक्कन चूहों की आवाजाही आसान कर रहे हैं। यह स्थिति तब है जब एमवाय प्रशासन हर 15 दिन में निजी कंपनी से पेस्ट कंट्रोल की रिपोर्ट ले रहा है। इस काम के लिए हर महीने करीब एक लाख का भुगतान किया जा रहा है। एनआइसीयू में जिन दो नवजातों को चूहों ने कुतरा था, उनमें से एक की मौत मंगलवार सुबह हो गई। दोनों को 4-5 दिन पहले गंभीर हालत में भर्ती किया गया था। एमजीएम मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने नवजातों को कुतरने के मामले में कार्रवाई की है।

दी सफाई, चूहे के काटने से मौत नहीं हुई'

एमवायएच अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने अपनी सफाई में कहा है कि जिस नवजात की मौत हुई उसकी स्थिति पहले से गंभीर थी। वजन सिर्फ 1.02 किलो था। हार्ट भी पूरी तरह नहीं बना था। चूहे के काटने से मौत नहीं हुई है। नवजात का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

नवजात को छोड़ घर चले गए परिजन

धार जिले के गढ़ा ग्राम से तीन दिन के नवजात को एमटीएच (महाराजा तुकोजीराव होल्कर हॉस्पिटल) भेजा गया था। वहां से एमवायएच की पीडियाट्रिक सर्जरी यूनिट में रेफर किया गया। माता-पिता पहले ही उसे छोड़कर चले गए थे। एक अन्य नवजात 12-15 दिन का है। देवास के बागली जिले से रेफर किया गया है। स्थिति गंभीर है। डॉटर्स के अनुसार, आंत उलझी हुई है। शौच का रास्ता पूरी तरह नहीं बना है।

अधीक्षक को बचाया

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने अधीक्षक डॉ. अशोक यादव से सिर्फ पेस्ट कंट्रोल की जानकारी मांगी। यह विषय मेडिकल कॉलेज में चर्चा का विषय है।

इन पर कार्रवाई

डीन ने नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन, श्वेता चौहान को निलंबित किया है। सहायक नर्सिंग ऑफिसर कलावती भलावी को शोकॉज नोटिस। जवाब ३ दिन में मांगा। प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर पीआइसीयू प्रवीणा सिंह, पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रभारी डॉ. मनोज जोशी को शोकॉज नोटिस। नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मार्गेट जोजफ को हटाया। अनुबंधित कंपनी एजाइल पर एक लाख का जुर्माना लगाया। एमओयू निरस्त करने की चेतावनी।

ये है मामला

रविवार को महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवाय अस्पताल) में भर्ती एक बच्चे के हाथ और सोमवार को दूरे बच्चे के कंधे को चूहों ने कुतर दिया था। डाक्टरों ने पहले तो इस मामले को स्किन इंपेक्शन बोलकर टाल दिया। लेकिन, एक नवजात का हाथ बुरी तरह कटा मिलने के बाद पूरी लापरवाही उजागर हो गई।

एमपी में पहले भी हुई लापरवाही

-19 जनवरी 2023
सागर जिला अस्पताल की मॉर्चूरी में रमेश अहिरवार के शव को चूहों ने कुतरा। एक आंख गायब मिली।

- 21 जून 2023: 
भोपाल में हमीदिया अस्पताल की मॉर्चूरी में मृतक बीआर सिंह के कान चूहों ने कुतर दिए थे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने जांच के आदेश दिए थे।

-20 मई 2024: 
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में वार्ड में भर्ती बुजुर्ग महिला गिरिजा मालवी के पैर के अंगूठे को चूहों ने काट खाया।

- 6 अगस्त 2019: 
रतलाम जिला अस्पताल में मरीज सूरज भाटी कोमा में थे। उनके पैर को चूहों ने कुतर दिया। सुबह पैर से खून देख परिजनों ने हंगामा किया था।

Updated on:
3 Sep 2025, 9:59 AM IST
Published on: