
Indore Deputy Collector Mother Death: मध्यप्रदेश के इंदौर से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां बारिश के बीच एक कार पर पेड़ गिरने से डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सेंट्रल जेल के सामने वाली रोड का है, जहां दो कारों पर पेड़ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीम ने लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
बताया गया है कि डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में थीं, इसी दौरान उनकी मां राधा देवी सिंघी (75) मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराकर घर लौट रही थीं। कार में उनके साथ उनका पोता प्रखर सिंगी (25) और पारिवारिक मित्र वैशाली जायसवाल (55) भी थीं। प्रखर व वैशाली को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी कलेक्टर मीटिंग छोड़कर निकल गईं, वहीं कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने तुरंत बैठक निरस्त की और अधिकारियों को मौके पर पहुंचाया। बताया गया है कि हादसे के डेढ़ घंटे बाद पेड़ को मशक्कत कर हटाया गया और तब राधा देवी सिंघी को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कार से घायल हालत में मौजूद दोनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डिप्टी कलेक्टर की मां राधा देवी सिंघी कार की पिछली सीट पर बैठी हुई थीं और पेड़ गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने राधा देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।