फरारी के दौरान नजर आया था शहर में फरार छब्बू पर भी 5 हजार का इनाम
इंदौर. एक लाख के इनामी जीतू सोनी की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। सोमवार को एसपी ने मामले में बैठक ली। अफसरों को पता चला है कि जीतू फरारी के दौरान शहर भी आया था, उसने दाड़ी कटिंग कराकर अपना हुलिया बदल लिया था। कुछ असरदार लोगों से मिला भी, लेकिन सभी ने मदद से हाथ खींच लिए। जीतू व साथियों पर लगातार केस दर्ज हो रहे हैं। शासन ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। स्थानीय अफसरों ने अलग-अलग मामलों में अलग-अलग इनाम घोषित किए हैं, लेकिन गिरफ्तारी के बजाए अन्य कार्रवाई पर पुलिस ज्यादा ध्यान दे रही थी।
हालांकि सोमवार को एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने एसपी पूर्व मो. यूसुफ कुरैशी को जीतू व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाने के निर्देश दिए, जिसके बाद एक बैठक भी हुई। अफसरों ने इस दौरान बताया कि जीतू की गतिविधियों पर उनकी नजर है। शहर में एक बार वह ट्रैक भी हुआ था, न्यायिक कार्रवाई में मदद के उद्देश्य से आया था। अफसरों का दावा है कि जीतू ने दाड़ी कटिंग करा ली थी, जिसके कारण उसका हुलिया बदला हुआ नजर आ रहा था।
उसने शहर के कुछ असरदार लोगों से मुलाकात की थी। सभी से मुलाकात का उद्देश्य मदद हासिल करना था, लेकिन अफसरों का दावा है कि किसी ने आश्वासन नहीं दिया, जिसके कारण वह शहर से चला गया। फरारी के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा। हालांकि कुछ लोगों से फोन पर बात करने की जानकारी जरूर अफसरों को मिली, लेकिन वह राहगीरों के फोन मांगकर उसका इस्तेमाल कर रहा है। सोनिया के मुंबई में होने की जानकारी मिलने के बाद एक टीम को वहां भेजा गया है। जीतू के दोनों भाइयों की तलाश में भी टीमें तैनात कर दी है।
छब्बू पर भी 5 हजार का इनाम
माफिया के खिलाफ कार्रवाई में जो केस दर्ज हुए हैं, उसमें फरार आरोपियों की तलाश में भी टीमें लगाई गई हैं। एसपी यूसुफ कुरैशी ने फरार छब्बू पर भी 5 हजार का इनाम घोषित किया है। निखिल कोठारी, उसकी पत्नी, तुकोगंज थाने में दर्ज अपराध के आरोपी राजेश जैन आदि की तलाश में टीमें लगाई हैं।