
Tension between indore Mayor Pushyamitra Bhargava and MLA Mahendra Hardia महापौर और विधायक के बीच तनातनी ( source: Mayor Pushyamitra Bhargava and MLA Mahendra Hardia Facebook)
MP BJP: जल संकट को लेकर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव(Mayor Pushyamitra Bhargava) और विधायक महेंद्र हार्डिया के बीच तनातनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि हार्डिया भूमिपूजन का कार्यक्रम छोड़कर चले गए और भेदभाव करने का भी आरोप लगाया। पर्दे के पीछे की कहानी ये भी सामने आई है कि दोनों नेताओं के रिश्तों में जहर घोलने का काम अमृत 2 योजना में बनने वाली टंकियों ने किया।
40 टंकी बनाई जा रही है, लेकिन पांच नंबर को एक ही मिली जिस पर वे भड़के हुए हैं। आमतौर पर विधायक हार्डिया खामोश रहकर अपना काम करते हैं। बहुत कम ऐसे मौके आते हैं जब वे नाराजी व्यक्त करते हैं। पांच नंबर विधानसभा की पानी की टंकियों के आधे भरने से उपजे जल संकट से वे खासे नाराज हैं। उनके समर्थक पार्षद तो टंकियों पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए हार्डिया ने ही उन्हें रोका।
ये बात महापौर भार्गव तक भी पहुंची थी, लेकिन उसके बाद भी हालात नहीं सुधरे। असर ये हुआ कि रविवार को दोनों नेताओं के बीच जल संकट को लेकर तकरार हो गई जो लगातार बढ़ती जा रही है। विधायक हार्डिया ने तो महापौर के घर जाने तक की बात कही। पर्दे के पीछे की कहानी ये है कि दोनों के रिश्तों में आग अमृत 2 योजना में बनने वाली पानी की टंकी को लेकर लगी।
शहर में 40 टंकियां बनाई जाना हैं, लेकिन उसमें से विधानसभा पांच को सिर्फ एक ही मिली, जबकि हार्डिया जल संकट को देखते हुए अपनी विधायक निधि से चार टंकियां बनवा रहे हैं। उनका दर्द है कि उनके साथ भेदभाव हो रहा है। इधर, महापौर की टीम का कहना है कि हम तो बनवा रहे थे जिसके पहले ही उन्होंने अपनी निधि से बनाने की घोषणा कर दी। उसके बावजूद हमने पूछा था तब उन्होंने दो टंकी की लोकेशन बताई। अमृत वन में सबसे ज्यादा टंकी भी विधानसभा पांच में ही बनी है। ये मुद्दा भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भी हार्डिया ने उठाया था।
हार्डिया की नाराजगी की एक वजह ये भी है कि पांच नंबर विधानसभा में जल संकट गहराया हुआ है, लेकिन एक, दो और राऊ विधानसभा में पानी की कोई समस्या नहीं है। वहां की टंकियां पूरी भरा रही है।
इस बार गर्मी में शहर के अधिकांश बोरवेल फेल हो गए हैं। 3500 सरकारी के साथ 10 हजार निजी बोरवेल से पानी आना बंद हो गया। इसका सीधा लोड नर्मदा सह्रश्वलाई पर पड़ गया। नगर निगम टैंकरों के जरिए यहां पर पानी पहुंचा रही है। इस फेर में हाहाकार मचा हुआ है।
पानी की किल्लत को लेकर महापौर(Mayor Pushyamitra Bhargava) और विधायक के बीच खड़े हुए बवाल से भाजपा की किरकिरी हो रही है। इसके बाद प्रदेश संगठन के निर्देश पर नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने समन्वय शुरू कर दिया है। दोनों ही नेताओं से बयानबाजी नहीं करने की बात कही और वे बैठकर बात भी कराने वाले हैं। इसके अलावा वार्ड स्तर पर अब पानी वितरण की व्यवस्था को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी। टैंकरों का हिसाब लिया जाएगा और पार्षदों के सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं को काम पर लगाया जाएगा ताकि आम जनता को तकलीफ ना हो। इस बहाने निगरानी भी हो जाएगी कि टेंकर कहां चल रहे हैं।
Published on:
19 May 2026 03:13 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
