इंदौर

इंदौर में 200-300 फीट के बोरवेल सूखे, 20 वार्डों में हो सकती है पानी की किल्लत

Drinking water supply: शहर में अभी से जलसंकट शुरू हो गया है, नगर निगम सर्वे में 85 में से 20 वार्ड रेड जोन में चिह्नित हुए। गर्मी से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में बोरवेल, टैंकर व अन्य इंतजाम करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 3:51 PM IST
पानी का सर्वे, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
पानी का सर्वे, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Indore news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में अभी से जलसंकट शुरू हो गया है। नगर निगम के प्रारंभिक सर्वे में यह सामने आया है कि शहर के 85 वार्डों में से 20 में अभी से पानी की आपूर्ति गड़बड़ाने लगी है। यह देखते हुए महापौर ने जलप्रदाय विभाग के अफसरों को शहर के ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करने के काम पर लगाय है, जहां आगामी गर्मी में जलसंकट की अधिक संभावना है। आगामी गर्मी में पेयजल सप्लाय को लेकर निगम ने अभी से चिंता पालना शुरू कर दिया है ताकि जनता को जलसंकट का सामना न करना पड़े और मांग के हिसाब से जलापूर्ति हो जाए। इसके लिए निगम जल संरक्षण और प्रबंधन को लेकर काम कर रहा है।

पिछले दिनों महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पानी को लेकर सांसदविधाय कों की आपात बैठक भी बुलाई थी। इसमें तय किया गया था कि सर्वे करके शहर के ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित किया जाए जिनमें आगामी गर्मी में जलसंकट की अधिक संभावना है। बैठक के बाद महापौर भार्गव ने निगम के 22 जोन पर तैनात जलप्रदाय विभाग के उपयंत्री और सहायक यंत्री को जलसंकट वाले क्षेत्रों के सर्वे के काम पर लगा दिया है। जलसंकट वाले क्षेत्रों में वर्तमान में किस माध्यम से जलप्रदाय किया जा रहा है। इसका विस्तृत सर्वे कर जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार करने का अफसरों से कहा गया है।

नए बोरवेल करने और हाईड्रेंट बनाने की मांग

निगम ने रेड जोन में आने वाले 20 वार्डों में पानी की समस्या और जरूरतें जानना शुरू कर दिया है। इसके लिए संबंधित वार्डों के पार्षदों से स्थिति की जानकारी ली जा रही है। उद्देश्य है कि गर्मी में संकट बढऩे से पहले ही जरूरी इंतजाम किए जाएं। समस्याओं का निराकरण हो सके। इधर, ज्यादातर पार्षदों ने नए बोरवेल कराने, हाईड्रेट बनाने, टैंकरों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी है। इसके साथ ही नर्मदा सप्लाय के लिए टंकियां पांच मीटर तक भरने को कहा है।

इन 20 वार्डों को माना है रेड जोन में

कम बारिश होने की वजह से शहर में अभी से पानी की किल्लत होने लगी है। यह देखते हुए निगम के जलप्रदाय विभाग ने शहर के 85 वार्डों में प्रारंभिक सर्वे कराया था। सर्वे रिपोर्ट में 20 में अभी से पानी की आपूर्ति गड़बड़ाने की बात सामने आई है। जो वार्ड रेड जोन में हैं, उनमें वार्ड- 16, 18, 26, 30, 31, 33, 37, 43, 44, 45, 51, 54, 55, 64, 70, 75, 77, 79, 82 और 85 शामिल हैं। इनमें से कई वार्डों की कॉलोनियों में नर्मदा की लाइन नहीं है, वहां टैंकरों पर निर्भरता है। कहीं हाईड्रेट भी सूखने लगे तो कहीं टैंकरों की संख्या कम पड़ रह रही है। जहां नर्मदा की सप्लाय है, वहां टंकियां पूरी नहीं भरने की शिकायतें सामने आ रही हैं। जहां बोरवेल पर निर्भरता है, वहां भूजल जल स्तर नीचे जाने से बोरवेल कम पानी देने लगे या फिर बोल गए हैं। कई जगह भूजल इतना नीचे जा चुका है कि 200-300 फीट तक के बोरवेल तो दम ही नहीं भर पा रहे।

Updated on:
22 Nov 2026, 3:51 PM IST
Published on: