इंदौर

आंबेडकर जन्मस्थली पर इस साल भीड़ कम क्यों

राष्ट्रपति की सुरक्षा में कोताही, वायुसेना के विशेष विमान से एयरपोर्ट पहुंचे राष्ट्रपति, हेलीकॉप्टर से गए महू  

2 min read
Apr 15, 2018
Why do the follower work

डॉ. आंबेडकर के अनुयायियों के लिए खंडवा से महू के बीच बस व्यवस्था की थी, लेकिन यह व्यवस्था कारगर साबित नहीं हुई।

इंदौर. महू-अकोला रेल लाइन का काम जारी होने का असर आंबेडकर जयंती पर साफ दिखा। महू स्थित बाबा साहेब की जन्मस्थली पर अपेक्षाकृत कम संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हर साल उनकी जयंती पर लाखों श्रद्धालु आते हैं, पर इस बार कम पहुंचे। जयंती पर सबसे ज्यादा लोग महाराष्ट्र के अकोला, नासिक और आसपास से आते हैं। इनके महू पहुंचने का मुख्य साधन अकोला से महू तक चलने वाली ट्रेन है। आमतौर पर अनुयायी एक-दो दिन पहले ही महू पहुंच जाते हैं, लेकिन इस बार महू-अकोला रेल लाइन के गेज परिवर्तन का काम जारी होने से ट्रेन का संचालन नहीं हो रहा। इस कारण महू आने वाले अनुयायियों की संख्या कम रही।

बस व्यवस्था नाकाफी
रेल लाइन बंद होने से सरकार ने डॉ. आंबेडकर के अनुयायियों के लिए खंडवा से महू के बीच बस व्यवस्था की थी, लेकिन यह व्यवस्था कारगर साबित नहीं हुई।

आधे घंटे बाद जिस मंच पर आने वाले थे राष्ट्रपति उस पर टहल रहे थे नेता
इंदौर. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा में शनिवार को कई खामियां नजर आईं। दरअसल, जिस मंच पर आधे घंटे बाद कोविंद पहुंचने वाले थे, उस पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जितु जिराती, भाजयुमो नगराध्यक्ष मनस्वी पाटीदार घूम रहे थे। ये दोनों नेता मंत्री लालसिंह आर्य और अंतरसिंह आर्य के साथ क्षेत्रीय विधायक कैलाश विजयवर्गीय के साथ मंच पर घूमते रहे, जबकि मंच व्यवस्था एसपीजी के हाथों में थी।

बाबा साहब का चित्र ही भूले
इंदौर. राष्ट्रपति के आने के एक घंटे पहले तक मंच पर व्यवस्था चलती रही। हालत ये थे कि सभास्थल के मंच पर बाबा साहब का चित्र ही नहीं था। बाद में अफसरों को याद आई तो उन्होंने तुरंत चित्र मंगवाया। मंच पर काफी बदलाव भी किए गए।

- राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित मंत्री-महापौर ने की अगवानी
इंदौर. बाबा साहेब भीमराव अंबेडर जयंती पर महू में आयोजित मुख्य समारोह में शिरकत करने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद वायु सेना के विशेष विमान से शनिवार सुबह ११.२० बजे देवी अहिल्या एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उनकी अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल , मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस, महापौर मालिनी गौड़, संभागायुक्त संजय दूबे, एडीजी अजयदेव शर्मा, निगमायुक्त मनीष सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल भी मौजूद रहे। यहां से कोविंद हेलीकॉप्टर से महू के लिए रवाना हुए। उनके साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी हेलीकॉप्टर से पहुंचे। राष्ट्रपति महज ५ मिनट ही इंदौर एयरपोर्ट पर रुके।

पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, १० बजे पहुंचे अफसर
एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। प्रशासनिक अफसर राष्ट्रपति के आने के एक घंटे पूर्व ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। यहां मुख्य टर्मिनल भवन के पीछे सीधे रन-वे की ओर जाने वाले रास्ते को टैंट लगाकर कवर किया गया था। उक्त हिस्से में भी सिर्फ ड्यूटी पास धारकों को ही प्रवेश दिया गया। इधर, मंत्री चिटनीस, महापौर सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अफसर भी १०.३० बजे के पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे।

5 मिनट पहले आए राज्यपाल-सीएम
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम चौहान भोपाल से अपने विमान से ठीक ११.१५ बजे इंदौर पहुंचे। उनके आने के ठीक ५ मिनट बाद ही राष्ट्रपति का विमान एयरपोर्ट पर उतरा।

Updated on:
14 Apr 2018 07:58 pm
Published on:
15 Apr 2018 06:12 am