इंदौर

महिला ने बैंक में जमा कराए 70 हजार, मैसेज आया 52 हजार का, बैलेंस चेक किया तो जीरो

मामला एबी रोड स्थित मालव परिसर स्थित आइसीआइसीआइ बैंक का
2 min read
• •
Updated: 24 May 2018, 5:37 PM IST
bank
महिला ने बैंक में जमा कराए 70 हजार, मैसेज आया 52 हजार का, बैलेंस चेक किया तो जीरो

इंदौर. एक महिला बैंक में पैसे जमा करवाकर घर आई, लेकिन जब बैलेंस चेक किया तो उसके होश उड़ गए। उसके खाते में एक भी रुपया जमा ही नहीं हुआ था।
यह मामला एबी रोड स्थित मालव परिसर स्थित आइसीआइसीआइ बैंक का है। पूजा पति सुनील कुमार सोनी निवासी शुभ सिटी पालदा मंगलवार को बैंक की शाखा पर पहुंची और काउंटर पर 70 हजार रुपए जमा करवाए। थोड़ी देर बाद वह घर पहुंची तो उसके मोबाइल पर 52 हजार रुपए खाते में जमा होने का मैसेज आया। 18 हजार रुपए कम जमा होने पर उसने तत्काल बैंक में पूछा तो पता चला कि खाते में एक भी रुपया जमा नहीं हुआ है। उसने बैलेंस चेक किया तो पता चला कि खाते का बैलेंस तो जीरो है। इस पर महिला घबरा गई और बुधवार को एमआइजी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। महिला ने बैंक कर्मचारी और कतार में उनके पीछे खड़े एक व्यक्ति पर गड़बड़ी की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस चोरी का केस दर्ज कर मामले में जांच कर रही है।

चेक से लेन-देन पर इन बातों का रखें ख्याल

चेक पर तारीख लिखें : चेक पर सबसे पहले तारीख लिखें। ध्यान रहे जो तारीख आप चेक पर अंकित कर देंगे उससे तीन माह की अवधि तक ही यह चेक मान्य होगा।

हस्ताक्षर करने में बरतें सावधानी : बैंक में लेनदेन करते समय सबसे ज्यादा महत्व खाताधारक के हस्ताक्षर का होता है। बैंक अधिकारी हस्ताक्षर में थोड़ा भी शक होने पर चेक रोक सकता है। इसलिए चेक पर वही हस्ताक्षर बनाएं जो आपने खाता खुलवाते समय दर्ज किए थे।

मोबाइल नंबर लिख दें : चेक के पीछे खाताधारक अपनी खाता संख्या और मोबाइल नंबर दर्ज कर दें। अगर आपके चेक में कोई भी कंफ्यूजन बैंक अधिकारी को लगता है वह आपसे फोन करके जानकारी ले सकता है।
चेक पर खींचे दो लाइनें : अगर किसी व्यक्ति और संस्था के नाम पर अकाउंट पेई चेक काटते हैं तो चेक के ऊपर बायी तरफ दो लाइनें खींचना न भूले।

स्लिप संभाल कर रखें : चेक जमा करते समय आप जो फार्म भरते हैं, वह दो हिस्सों में होता है चेक जमा करने के बाद आप अपनी स्लिप को संभाल कर रखें क्योंकि चेक खो जाने की स्थिति वही एक मात्र ऐसा दस्तावेज होता है जिस पर आपके चेक की डिटेल रहती है।

Published on: