इंदौर

पोहा-जलेबी खाने 13 हजार किमी दूर से आईं 4 महिलाएं, इंदौरी फूड की हुईं मुरीद

Poha Jalebi : इंदौरी फूड ने लुभाया, कैलिफोर्निया से इंदौर आया चार सदस्यीय महिला रोटेरियन दल, मांडू भी घूमा दल
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 10:36 AM IST
कैलिफोर्निया से इंदौर आया रोटेरियन दल
कैलिफोर्निया से इंदौर आया रोटेरियन दल image patrika

Poha Jalebi : इंदौर की पोहा - जलेबी दुनियाभर में मशहूर है। यहां के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने 13 हजार किमी दूर कैलिफोर्निया की 4 महिलाएं इंदौर आईं। वे इंदौरी फूड की मुरीद हो गईं। भारतीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान व अतिथि सत्कार की परंपरा को करीब से जाना। कैलिफोर्निया से चार सदस्यीय महिला रोटेरियन दल इंदौर पहुंचा। रोटरी क्लब के फ्रेंडशिप एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत आए इस दल ने शहर की ऐतिहासिक विरासत, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रोटरी के सेवा प्रकल्पों को भी देखा। इस दौरान अमरीकी मेहमानों ने भारतीय परिवारों के साथ समय बिताकर यहां की जीवनशैली और आतिथ्य परंपरा को समझा।

रोटरी फ्रेंडशिप एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत इंदौर प्रवास पर रहीं जॉय एलेडारस, पैगी ह्यूसटन, मिकी ली रिच और जॉसलीन पिटेल के लिए यशवंत क्लब में एक विशेष स्वागत रात्रिभोज आयोजित किया गया। यहां उन्होंने भारतीय पारंपरिक परिधानों में लजीज भारतीय व्यंजनों का स्वाद लिया।

मंडल 3040 की रोटरी फ्रेंडशिप एक्सचेंज चेयर रोटेरियन माधुरी भरकतिया और इंटरनेशनल सर्विस चेयर रोटेरियन राजन बावेजा के विशेष प्रयासों से यह दल इंदौर पहुंचा। अमरीकी के कैलिफोर्निया रोटरी डिस्ट्रिक्ट 5160 से आए चार सदस्यीय महिला दल का नेतृत्व रोटेरियन जॉय एलेडारस ने किया। विदेशी प्रतिभागी भारत के कई शहरों में रोटरी सदस्यों के घरों में बारी-बारी से ठहरकर स्थानीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से रूबरू हो रहे हैं।

पारंपरिक परिधान में पहुंचा विदेशी दल

रोटरी क्लब के घनश्याम सिंह ने बताया, दल के सदस्यों ने यशवंत क्लब के स्वागत रात्रिभोज में भारतीय पारंपरिक परिधान पहनकर शिरकत की और व्यंजनों का लुत्फ लिया। दल ने राजबाड़ा, लालबाग व छत्रियों की विरासत देखी। राऊ के कैंसर हॉस्पिटल व स्कूलों का भ्रमण किया।

भोपाल, पन्ना, सागर व खजुराहो रवाना

इंदौर प्रवास के बाद चार सदस्यीय दल भोपाल, पन्ना, सागर और खजुराहो की यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस फ्रेंडशिप एक्सचेंज का उद्देश्य अलग-अलग देशों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, सामाजिक जीवन और परंपराओं से परिचित कराना है। भ्रमण के दौरान मिड ब्रेन एक्टिवेशन गतिविधि से प्रशिक्षित बच्चों ने अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रतिभा और प्रदर्शन देखकर अमेरिकी मेहमान अचंभित हुए और उन्होंने इसकी सराहना की। दल ने इंदौर के बाद मांडू की ऐतिहासिक विरासत को भी करीब से जाना।

Updated on:
18 Nov 2026, 10:36 AM IST
Published on: