उद्योग जगत

Q4 Results: 78 फीसदी घटा भारती एयरटेल का मुनाफा, पिछले 15 साल में पहला घाटा

वित्त वर्ष 2017-18 की चौथी तिमाही में भारती एयरटेल के मुनाफे में 77.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी ने एक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी।
2 min read
• •
Updated: 25 Apr 2018, 9:11 AM IST
Airtel

नर्इ दिल्ली। जियो के लाॅन्च होने के बाद देश की टेलिकाॅम कंपनियों को बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखने में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना तो करना ही पड़ रहा था लेकिन अब इसका असर इन कंपनियों कें मुनाफे पर भी देखने काे मिल रहा है। चौथी तिमाही के नतीजों के आने के बाद भारती एयरटेल को एक बड़ा झटका लगा है। वित्त वर्ष 2017-18 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में भारती एयरटेल के मुनाफे में 77.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी ने एक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी। समीक्षाधीन अवधि में कंपनी ने कुल 83 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जबकि वित्त वर्ष 2016-17 की चौथी तिमाही में कंपनी ने कुल 373 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। भारती एयरटेल के पिछले 15 साल के इतिहास में एेसा पहली बार हुआ है कि कंपनी का मुनाफा घटा है।


10.5 फीसदी घटा राजस्व

वित्त वर्ष 2017-18 की चौथी तिमाही में कंपनी का राजस्व 10.5 फीसदी घटकर 19,634 करोड़ रुपये रहा, जोकि इसके पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 21,935 करोड़ रुपये था। कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि समीक्षाधीन तिमाही में मोबाइल डेटा की खपत में छह गुना वृद्धि देखी गई और 1,540 अरब एमबी रही, जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 225 अरब एमबी थी। इस दौरान मोबाइल ब्रॉडबैंड के ग्राहकों की संख्या में 79.3 फीसदी की वृद्धि देखी गई और यह 7.66 करोड़ रही, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 4.27 करोड़ थी।


इन कारणों से कंपनी का घटा मुनाफा

कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (भारत और दक्षिण एशिया) गोपाल विट्टल ने कहा, "दूरसंचार उद्योग में लागत से कम कमाई जारी है। कृत्रिम रूप से मूल्य को दबाया गया है। इस तिमाही भी उद्योग के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल दर में कम हो गई। एयरटेल ने इस तिमाही में भी अपनी नेतृत्व स्थिति को मजबूत करना जारी रखा।"

Published on: