उद्योग जगत

ये है दुनिया का सबसे सस्ता एलसीडी टीवी, कीमत मात्र 3,999 रुपए

डी1 एलसीडी टीवी में 48.3 सेमी या 19इंच का डिस्प्ले और 1366गुणा768 पिक्सेल का रेजोल्यूशन है।
2 min read
Nov 27, 2018
LCD Television
ये है दुनिया का सबसे सस्ता एलसीडी टीवी, कीमत मात्र 3,999 रुपए

नई दिल्ली। भारतीय बाजार में अपनी पहचान बना चुकी कंपनी डीटल ने मंगलवार को नया किफायती टीवी 3,999 रुपए में लांच किया है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का सबसे सस्ता टीवी है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि डी1 टीवी कंपनी की ओर से लॉन्च किया गया पहला एलसीडी टीवी है। वितरकों/भागीदारों के लिए डी1 टीवी डीटल के मोबाइल एप और बी2बीअड्डा डॉट कॉम पर उपलब्ध है। कंपनी ने कहा कि अन्य कारणों के अलावा सामर्थ्य क्षमता के अभाव में आज भी भारत की 33 फीसदी से अधिक आबादी की टेलीविजन तक पहुंच नहीं बन पाई है। सरकार 2018 के दिसंबर तक प्रत्येक घर में बिजली पहुंचाने के लिए कई कारगर कदम उठा रही है, इस लिहाज से टेलीविजन बाजार भी अच्छी-खासी दर से विकसित होने की तैयारी कर रहा है।

हरघरटीवी मिशन है कंपनी का लक्ष्य

डीटल के प्रबंध निदेशक योगेश भाटिया ने कहा कि टीवी की बढ़ती कीमत के कारण किफायती टीवी के बाजार में एक बड़ा खालीपन है। डीटल डी1 टीवी पेश कर हम इस खालीपन को अपने मिशन 'हरघरटीवी' के जरिए दूर करने की तैयारी कर चुके हैं। हमने हमेशा किसी अन्य ब्रांड के उत्पादों से आगे बढ़ जाने के लिए उत्पाद नहीं बनाए हैं, बल्कि वहां मौजूदगी दर्ज कराई है जहां कोई भी ब्रांड नहीं है। हम अपने डी1 टीवी के जरिए देश के सुदूरवर्ती इलाकों में पहुंच बनाने का लक्ष्य रखते हैं और लाखों लोगों के जीवन में बदलाव लाना चाहते हैं।

सबसे सस्ते टीवी में है 19 इंच का डिस्प्ले

भारत का सबसे सस्ता टीवी होने का दावा करने वाले डी1 एलसीडी टीवी में 48.3 सेमी या 19इंच का डिस्प्ले और 1366गुणा768 पिक्सेल का रेजोल्यूशन है। यह ए प्लस ग्रेड के पैनल के साथ आता है जिससे साफ इमेज क्वालिटी मिलती है और इसका कंट्रास्ट रेशियो 3,00,000:1 है। टीवी में कनेक्टिविटी विकल्पों के तौर पर एक एचडीएमआई और एक यूएसबी पोर्ट है। इस टीवी के पैनल के किनारों पर दो स्पीकर लगे हुए हैं। इसमें लगे 12 वॉट के स्पीकर स्पष्ट और स्मूथ ऑडियो आउटपुट देते हैं।

Published on:
27 Nov 2018 06:17 pm