
चेन्नई : चेन्नई के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब को 22 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने फॉफ डू प्लेसिस (54) के अर्धशतक और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (37) की नाबाद तेज-तर्रार पारी की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 160 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर पंजाब के सामने जीत के लिए 161 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके बाद पंजाब के लिए केएल राहुल (55) और सरफराज खान (67) दोनों ने अर्धशतक और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था। इसके बाद डेथ ओवरों में चेन्नई के गेंदबाजों ने कसी गेंदबाजी कर इन दोनों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और इस कोशिश में एक-एक कर राहुल, मिलर और अंत में सरफराज आउट हो गए और चेन्नई 5 मैचों में अपना चौथा मैच जीतकर प्वाइंट टेबल पर टॉप पर फिर कब्जा जमा लिया।
पंजाब की शुरुआत रही खराब
जीत के लिए 161 रनों का पीछा करते हुए पंजाब को हरभजन सिंह ने बड़ा झटका दिया। पारी का दूसरा ओवर लेकर आए हरभजन ने इसी ओवर में गेल और मयंक अग्रवाल को आउट कर दिया। इसके बाद केएल राहुल और सरफराज अहमद ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को 15 ओवर तक सुरक्षित स्थिति में पहुंचा दिया, लेकिन इसके बाद डेथ ओवरों में वह तेजी से रन नहीं बना सके। इस कोशिश में एक के बाद एक तीन विकेट गंवाकर पंजाब 22 रनों से हार गई।
चेन्नई की ओर से हरभजन सिंह और कुगलेजिन ने दो विकेट लिए तो दीपक चाहर को एक विकेट मिला।
अश्विन ने चेन्नई की बिगाड़ी लय
चेन्नई ने शुरुआत तो धीमी लेकिन सधी हुई की थी। इससे उम्मीद बनी की इस अच्छी बुनियाद पर चेन्नई बड़ा स्कोर खड़ा करेगी, लेकिन तमिलनाडु से ही घरेलू मैच खेलने वाले रविचंद्रन अश्विन ने 3 विकेट लेकर मेजबानों की लय बिगाड़ दी। हालांकि अश्विन के अलावा चेन्नई के किसी और गेंदबाज को विकेट नहीं मिला, लेकिन तमिलनाडु के एक और गेंदबाज मुरुगन अश्विन ने कसी हुई गेंदबाजी कर चेन्नई के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के कोटे में मात्र 23 रन दिए।
इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा शेन वाटसन ने 26, सुरेश रैना ने 17 और अंबाती रायडू ने नाबाद 21 रनों की पारी खेली।