आईपीएल

IPL-12 : हैदराबाद के गेंदबाजों पर मुंबई के जोसेफ पड़े भारी, अल्जारी के ‘छक्के’ ने सनराइजर्स का सूर्य किया अस्त

आईपीएल में पहला मैच खेल रहे थे अल्जारी जोसेफ पहले ही मैच में लिए छह विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड अभी तक किसी ने आईपीएल में एक इनिंग्स में 6 विकेट नहीं लिए
2 min read
aljari joseph taken 6 wicket
IPL-12 : हैदराबाद के गेंदबाजों पर मुंबई के जोसेफ पड़े भारी, अल्जारी के 'छक्के' ने सनराइजर्स का सूर्य किया अस्त

हैदराबाद : सनराइजर्स हैदराबाद की कहर बरपाती गेंदबाजी के बीच कीरोन पोलार्ड (46) की जिम्मेदारी भरी नाबाद पारी के दम पर मुंबई ने हैदराबाद के सामने जीत के लिए निर्धारित 20 ओवरों में 137 रनों का लक्ष्य रखा तो लगा कि वार्नर और बेयरस्टो जैसे ओपनरों के दम पर हैदराबाद आसानी से जीत दर्ज कर लेगा। लेकिन विंडीज टीम के स्ट्राइक गेंदबाज ने आईपीएल में डेब्यू करते हुए अपनी गेंदों से ऐसा कत्लेआम मचाया कि हैदराबाद 100 रन भी नहीं बना सकी और 40 रन से हार गई।

हैदराबाद के बल्लेबाजों की लगी लाइन
हैदराबाद के लिए छोटे लक्ष्य के सामने बेयरस्टो (16) और वार्नर (15) की ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआत तो ठीकठाक ही की। लेकिन इनके आउट होने के बाद हैदराबाद के बल्लेबाजों में तू चल मैं आया कि होड़ लग गई। एक के बाद एक सारे बल्लेबाज पैवेलियन लौट गए और पूरी टीम 17.4 ओवर में 96 रन पर आउट हो गई। इन दोनों के अलावा दीपक हुडा (20), मनीष पांडेय (16) और मोहम्मद नबी (11) ही दो अंकों तक पहुंच सके।
मुंबई की ओर से सारे गेंदबाजों ने ठिकाने पर गेंदबाजी की, लेकिन अपने डेब्यू मैच में ही मुंबई इंडियंस के गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने तो अपनी गेंदों से ऐसा कत्लेआम मचाया कि हैदराबाद के बल्लेबाज पानी मांगते आए। उन्होंने 3.4 ओवर में मात्र 12 रन देकर 6 विकेट लिए। उनके अलावा राहुल चाहर को दो और बुमराह-बेहरनडॉर्फ ने एक-एक विकेट लिए।

पोलार्ड की शानदार बल्लेबाजी
धारदार गेंदबाजी के बीच एक समय लग रहा था कि मुंबई 100 रन के आंकड़े पर भी नहीं पहुंचेगी। लेकिन कीरोन पोलार्ड ने 26 गेंदों की अपनी नाबाद 46 रनों की पारी की बदौलत मुंबई को निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 136 रन तक पहुंचा दिया। अपनी पारी के दौरान उन्होंने चार छक्के और दो चौके मारे। उनके अलावा मुंबई के किसी भी बल्लेबाज ने न तो तेजी से रन बनाया और न ही विकेट पर टिकने की जहमत उठाई।

टॉस हार कर बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई
हैदराबाद ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। रोहित शर्मा (11) और क्विंटन डी कॉक (19) ने शुरुआत तो ठीकठाक की थी, लेकिन उनके आउट होते ही पूरी मुंबई की पारी बिखर गई। इन दोनों के आउट होते ही रन गति रुक-सी गई।
हैदराबाद की ओर से सभी गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। सिद्धार्थ कौल ने दो विकेट लिए तो भुवनेश्वर, संदीप, नबी, राशिद को एक-एक विकेट हाथ लगा।

Updated on:
06 Apr 2019 11:46 pm
Published on:
06 Apr 2019 11:46 pm