पीठ दर्द से परेशान है यह दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी आईपीएल 12 में वह अब तक ले चुके हैं 25 विकेट दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट ने मांगी जांच की रिपोर्ट
नई दिल्ली : प्लेऑफ में पहुंच चुकी दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। उनके प्रमुख खिलाड़ी और इस आईपीएल में अभी तक सबसे ज्यादा 25 विकेट ले चुके कगिसो रबाडा चोटिल हैं। उनकी पीठ में दर्द है। यह दर्द ऐसे समय में उभरी है, जब दिल्ली को आईपीएल की टॉप-2 टीम में शामिल होने के लिए अपने अंतिम मैच को जीतना जरूरी है। इसी वजह से वह सीएसके के खिलाफ भी अहम मुकाबले में नहीं खेल पाए थे और नतीजा यह हुआ था कि पिछले मैच में दिल्ली बड़ी हार गले लगाकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच चुकी है और अगर अपने अंतिम मैच में भी अगर वह हारी तो टॉप-2 टीम में उसका रहना मुश्किल हो सकता है।
विश्व कप भी करीब
दूसरी तरफ अगर रबाडा की चोट गंभीर निकली तो विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें भी बढ़ सकती है। वह अपनी टीम के स्ट्राइक गेंदबाज हैं और विश्व कप में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। इसी वजह से क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने दिल्ली कैपिटल्स से रबाडा की स्कैन रिपोर्ट मांगी थी। वह उन्हें भेज दी गई है। और अब वह आईपीएल के बाकी मैच खेलेंगे कि नहीं इस पर निर्णय सीएसए ही लेगा। हम उनके संपर्क में हैं। रिपोर्ट की जांच कर वह जानकारी देंगे कि रबाडा आईपीएल आगे खेलेंगे या नहीं। लेकिन विश्व कप करीब होने के कारण लगता नहीं कि दक्षिण अफ्रीका अब उन्हें आईपीएल के अगले मैचों में खेलने की इजाजत देगा।
विश्व कप के कारण नहीं लेना चाहते जोखिम
दिल्ली कैपिटल्स के अधिकारी ने कहा कि रबाडा की चोट गंभीर नहीं मालूम पड़ती है। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि वह असहज महसूस कर रहे हैं। हमने तत्परता दिखाते हुए उनके सारे टेस्ट करवाए दिए हैं। हम अपने किसी भी खिलाड़ी को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। उस पर से विश्व कप भी काफी करीब है। ऐसे में हम किसी तरह का जोखिम नहीं ले सकते।