टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स को जीत दिलाने उतरेंगे
नई दिल्ली। पिछले साल 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट से सन्यास ले चुके टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni ) एक बार फिर आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स ( CSK ) को जीत दिलाने उतरेंगे। आईपीएल ( IPL 2021 ) की शुरुआत से ही एमएस धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स की कमान संभाले हुए हैं। यह धोनी की करिश्माई कप्तानी का ही परिणाम है कि उनके नेतृत्व में तीन बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी है। लेकिन क्या यह धोनी का आखिरी आईपीएल होने जा रहा है। यह वो सवाल है जो माही के चाहने वालों से लेकर सभी क्रिकेट प्रेमियों के दिमाग में खटक रहा है। लेकिन आइए जानते हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन का इस बारे में क्या कहना है।
धोनी का अंतिम आईपीएल नहीं
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन का कहना है कि यह धोनी का अंतिम आईपीएल नहीं होगा। एक अंग्रेजी समाचार पत्र के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि मुझे ऐसा नहीं लगता कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल होने जा रहा है। हालांकि इसको उन्होंने अपना निजी विचार बताया। उन्होंने कहा कि हम अभी धोनी के अलावा किसी के बारे में विचार नहीं कर रहे हैं। आपको बता दें कि आईपीएल के पिछले सीजन में सीएसके का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। इस पर विश्वनाथन ने कहा कि पिछली बार हमारे दो खिलाडिय़ों को कोरोना हो गया था। इसके अलावा और भी कई ऐसे कारण थे, जिसकी वजह से टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।
चेन्नई का पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से
उन्होंने कहा कि टीम अब फॉर्म है। पिछले 15-20 दिनों से खिलाड़ी नेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। आपको बता दें कि आईपीएल के इस सीजन में चेन्नई का पहला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स से होगा। महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई के लिए कुल 197 मैचों में कप्तानी होगी। इनमें से चेन्नई ने 119 पर जीत दर्ज की है, जबकि 76 मैचों में उसका हार का मुंह देखना पड़ा था। अगर सबसे खराब प्रदर्शन की बात करें तो पिछले सीजन में वह लीग स्टेज भी पार नहीं कर पाई। बावजूद इसके धोनी को इस सीजन से पूरी उम्मीद है।