इटारसी

प्रथम नेशनल स्पेस डे पर विशेष : चलित मॉडल के साथ स्पेस एक्जीबिशन में शामिल हुए विद्यार्थी

प्रथम नेशनल स्पेस डे पर विशेष : चलित मॉडल के साथ स्पेस एक्जीबिशन में शामिल हुए विद्यार्थी

2 min read
Aug 22, 2024
प्रथम नेशनल स्पेस डे पर विशेष : चलित मॉडल के साथ स्पेस एक्जीबिशन में शामिल हुए विद्यार्थी

प्रायोगिक सॉफ्ट लैंडिंग के बाद विधायक ने किया स्पेस एक्जीबिशन का उद्घाटन

इटारसी. तालियों की गडगडाहट के बीच चंद्रयान -3 के 1 मीटर आकार का विक्रम लैंडर का मॉडल आकाश से उतरता दिखा। इसमें लगे छोटे रॉकेट जलते हुये प्रयोग की रोचकता को बढ़ा रहे थे। साउंड इफेक्ट वास्तविक रॉकेट का अहसास करा रहा था। 35 सेकंड बाद प्रायोगिक लैंडर शिवशक्ति पाइंट पर उतरा। इसके साथ ही भारतीय वैज्ञानिकों की सफलता को दर्शक बच्चों तथा अतिथियों की तालियों के साथ याद किया गया। इस चलित मॉडल के साथ अनेक नवाचारी अंतरिक्ष मॉडल की स्पेस एक्जीबिशन का आयोजन इटारसी में गल्र्स कॉलेज के सामने वैज्ञानिक जागरूकता के लिये कार्यरत राजेश पाराशर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अतिथि विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने सॉफ्ट लैंडिंग के प्रयोग के साथ इस प्रदर्शनी की शुरूआत की। इसके बाद बच्चों के साथ प्रदर्शनी अवलोकन कर उन्होंने प्रथम यात्री के चंद्रमा पर पहुंचने से लेकर भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के बारे में अपने स्वयं के अनुभवों को बच्चों के साथ साझा किया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बच्चों के साथ गगनयान तथा इसरो की अन्य प्रस्तावित योजनाओं पर चर्चा की।

अंतरिक्ष विज्ञान में कैरियर के लिये बच्चों को किया प्रेरित-कार्यक्रम के द्वितीय चरण में एसडीएम टी प्रतीक राव ने कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स जैसे भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। इसके साथ ही स्पेस संबंधी अन्य पहलुओं के बारे में बच्चों के साथ प्रदर्शनी देखते हुये चर्चा की। बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान में कैरियर को लेकर भी प्रेरित किया। आयोजक राजेश पाराशर ने कहा कि वर्तमान में यह कहावत सत्य सिद्ध हो रही है कि उपर वाला देख रहा है। आज अंतरिक्ष मे स्थापित सैटेलाईट पृथ्वी की हर गतिविधि पर नजर रखते हुये बैंकिग, संचार, मौसम विज्ञान, खनिज सर्वेक्षण, ऑनलाईन गतिविधियों में मददगार हो रहे हैं।प्रदर्शनी में इसरो के योगदान को दर्शाया-

चंद्रयान -3 की सफलता पर भारत सरकार द्वारा घोषित नेशनल स्पेस डे के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी में इसरो के योगदान को दर्शाया गया। इसमें विभिन्न रॉकेट, आदित्य एल-1 मिशन , मौसम और संचार उपग्रह, गगनयान, व्योममित्र के मॉडल रखे गये थे। इनमें रोवर के चलित मॉडल भी चहलकदमी कर रहे थे। प्रदर्शनी की जानकारी देते हुये एम एस नरवरिया ने कहा कि प्रायोगिक रूप देकर रोचक बनाते हुये इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में अनिल सिंह, अंकित नरवरिया, कैलाश पटेल ने सहभागिता की।

Published on:
22 Aug 2024 09:04 pm
Also Read
View All

अगली खबर