खुद को पुलिस बताकर व्यापारी से की ठगी, बाइक सवार सोने की अंगूठी लेकर हुए रफूचक्कर
इटारसी. शहर के एक व्यापारी से ठगी का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले दो युवकों ने खुद को पुलिसवाला बताकर वारदात को अंजाम दिया। घटना सोमवार सुबह 10.30 बजे की बताई जा रही है। इस समय व्यापारी अपने न्यास कॉलोनी निवास से खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपनी फर्म पर जा रहे थे। औद्योगिक क्षेत्र की मुख्य सडक़ पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
व्यापारी सुरेश कुमार जैन रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपनी फर्म ओशवाल सेल्स कॉर्पोरेशन जा रहे थे। स्कूटी सवार सुरेश कुमार जैन को इंडस्ट्रियल एरिया की मुख्य सडक़ पर सांवरिया प्लांट के पास दो 34-35 वर्षीय युवकों ने रोका। व्यापारी को बताया कि हम पुलिसवाले हैं, आगे लूट की वारदात हो गई है। इसलिए आप अपनी सोने की अंगूठी निकालकर रख लीजिए। जिसके बाद व्यापारी ने अंगूठी निकालकर रूमाल में बांधा और गाड़ी की डिग्गी में रखा। इसी दौरान दोनों बदमाशों ने मौका पाकर अंगूठी गायब कर दी। व्यापारी जब अपनी फर्म पर पहुंचे और गाड़ी की डिग्गी खोली तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। जिसके बाद उन्होंने थाने जाकर शिकायत आवेदन दिया। अंगूठी की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
कैप और मास्क पहने थे आरोपी-
व्यापारी के बेटे मंटू जैन ने बताया कि घटना सोमवार सुबह की है। मंटू पूर्व में उद्योग एवं व्यापार केंद्र में सांसद प्रतिनिधि रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को उनकी फर्म पर काम करने वाले संजय चौधरी ने देखा है। संजय चौधरी फर्म का बिजली बिल जमा करने जा रहा था। इसी दौरान उसने मालिक को दो युवकों से बातें करते देखा था। आरोपियों में एक युवक ने मास्क और टोपी पहन रखा था। दोनों युवक काले रंग की स्पलेंडर बाइक पर सवार थे।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज-
इटारसी थाना टीआई गौरव सिंह बुंदेला का कहना है कि दो युवकों ने सिविल ड्रेस पर व्यापारी से आगे चैकिंग के बारे में कहा और उनकी सोने की अंगूठी वाहन की डिग्गी में रखने को कहा। इसी बीच शातिर युवकों ने उनकी अंगूठी डिग्गी से गायब कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद वारदात वाले इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। जिनके आधार पर संदेहियों की तलाश की जा रही है।