भोपाल रोड पर मनकेड़ी के समीप हुआ दर्दनाक हादसा, शादी समारोह में भाग लेकर लौटा था परिवार
जबलपुर। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनकेड़ी के पास शुक्रवार दोपहर सीमेंट की बोरियों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी लोग पास के ही सुनाचर गांव के रहने वाले बताए गए हैं और सभी ग्यारह लोग जबलपुर में देवताल के पास हुई शादी समारोह से लौटकर वापस अपने घर जा रहे थे। वे बस उतरकर सडक़ किनारे खड़े ही थे कि अचानक आया ट्रक उनके ऊपर पलट गया। मृतकोंं में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आ लगा दी। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विवाह समारोह से लौटे
पुलिस के अनुसार बेलखेड़ा के ग्राम सुनाचर में रहने वाले तुलसी चढ़ार और राजेश चढ़ार का परिवार गढ़ा देवताल में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह वे बस से घर लौटे। मनकेड़ी बस स्टेण्ड पर सभी बस से उतरे और पैदल घर की ओर जाने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहा सीमेंट से लोड ट्रक एमपी 09 केसी 3146 का टायर अचानक भस्ट हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक पर तुलसी और राजेश के परिवार की नजर पड़ पाती, इसके सडक़ से नीचे उतरे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और उन्हीं के ऊपर पलट गया। कलेक्टर छवि भारद्वाज और एसपी कुमार सौरभ समेत भारी पुलिस बल वहां पहुंच गया। रेस्क्यू के बाद मृतकों और घायलों को निकाला गया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी।
इनकी हुई मौत
घटना में अंजली चढ़ार (15), बबीता चढ़ार (30), नीलेश चढ़ार (10), तुलसी चढ़ार (38), सुनीता चढ़ार (35), दुर्गेश चढ़ार (18), निशा चढ़ार (12) समेत एक अन्य महिला की मौत हो गई। वहीं शीला बाई चढ़ार (35), नित्तू चढ़ार (09) व दुर्गा चढ़ार (09) जख्मी हो गए। घायलों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए हैं, जिनके घर गांव में आसपास ही स्थित हैं।
लगा लम्बा जाम
हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग घटना स्थपर जमा हो गए। सभी ने सीमेंट की बोरियां हटाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। करीब ढाई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद इस मार्ग पर लंबा जाम लग गया। घटना स्थल के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर दूर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद टूक चालक फरार हो गया है।
ट्रक में लगा दी आग
दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया। आठ लोगों की असमय मौत की खबर से आक्रोश भी फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम को ट्रक में आग लगा दी। ग्रामीणों का कहना था कि इस रोड पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। ट्रकों और अन्य वाहनों की गति पर नियंत्रण नहीं होने की वजह से ये दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई जगह सडक़ की हालत भी खराब है।