Maa Kali Jabalpur : बम्हनी में स्थापित माता काली के पंडाल में सैकड़ों की संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान अचानक मां काली की 51 फिट ऊंची प्रतिमा में आग भड़क गई।
Maa Kali Jabalpur : संस्कारधानी जबलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां माता काली की विशाल प्रतिमा में अचानक आग भड़क गई। आग इतनी भयावह की दूर से ही इसकी लपटे नजर आ रही थीं। इस घटना के दौरान पंडाल के आस-पास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देख हर कोई दंग रह गया है।
ये पूरा मामला जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के बम्हनी का बताया जा रहा है। यहां पर बम्हनी की सबसे ऊंची काली मां की प्रतिमा को स्थापित किया गया था था। मूर्ति की ऊंचाई 51 फिट बताई जा रही है।
बुधवार की रात बम्हनी में स्थापित माता काली के पंडाल में सैकड़ों की संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, पंडाल के पास मधुमक्खियों का एक छत्ता मौजूद था। इसके चलते लोगों को परेशानी हो रही थी। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए पंडाल के पास आग जलाकर धुआं किया गया था।
लेकिन कुछ देर बाद इसमें आग भड़क गई और इसकी लपटें कपड़ों तक पहुंच गईं। और देखते ही देखते पूरे पंडाल में आग लग गई। इस आग से माता काली की मूर्ति को भी नुकसान पंहुचा है।
बता दें कि पंडाल में जैसे ही आग फैली वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी-अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगे। इस दौरान कई लोगों को मामूली चोट भी आई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को मामले की जानकारी दी। इसके बाद वे फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।