कलेक्टर ने जारी किया आदेश...सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा आदेश..
जबलपुर. मध्यप्रदेश में ठंड के तेवर बढ़ने के साथ ही अब स्कूलों के समय में बदलाव किया जाना लगा है। इसी कड़ी में जबलपुर कलेक्टर ने भी सुबह की पाली में लगने वाले स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव को लेकर नया आदेश जारी किया है। कलेक्टर ने जो आदेश जारी किया है वो सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में लागू होगा। आदेश के मुताबिक ठंड के तीखे तेवरों के कारण अब सुबह की पाली में लगने वाले सभी स्कूल सुबह 8.30 बजे या फिर उसके बाद ही संचालित किए जाएंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और आदेश में दी गई टाइमिंग के अनुसार ही बुधवार यानि 23 नवंबर से स्कूलों का संचालन किया जाएगा।
स्कूलों का समय बदला, जारी हुआ आदेश
स्कूलों की टाइमिंग मे बदलाव करते हुए जबलपुर कलेक्टर सौरभ सुमन ने आदेश जारी किया है। नया आदेश जबलपुर जिले के सभी सरकारी, निजी, सीबीएसई, आईसीएससी एवं अन्य शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा कि सुबह 8:30 बजे या उसके बाद का समय स्कूल खोलने का रखा जाए ताकि बच्चों को किसी तरह की असुविधा न हो। ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से ठंड लगातार बढ़ रही है, जिससे सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ठंड ने पकड़ा जोर, महानगरों में जबलपुर सबसे सर्द
बता दें कि मध्यप्रदेश में अब मौसम के तेवर ठंडे पड़ने लगे हैं। रात के बाद अब दिन में भी ठंड का एहसास होने लगा है। दिन का पारा सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चल रहा हैं। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में पारा 26 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया इसके कारण दिन में भी ठंड का एहसास हो रहा है और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा हैं। वहीं अगर प्रदेश के चार महानगरों के तापमान की बात की जाए तो बीते 24 घंटों में महानगरों में जबलपुर सबसे सर्द रहा, यहां दिन का पारा 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल दूसरे, इंदौर तीसरे और ग्वालियर चौथे नंबर पर है। हालांकि चार जगहों अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया।