
Linear accelerator machine: एमपी के जबलपुर शहर में महाकौशल, विंध्य और बुंदेलखंड से कैंसर के इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए राहतभरी खबर है। स्टेट कैंसर अस्पताल में करीब 42 करोड़ रुपए की अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलेरेटर (लीनेक) मशीन सहित अन्य उपकरण पहुंच गए है। इनका इंस्टॉलेशन शुरू हो गया है। मशीन के चालू होने के बाद कैंसर मरीजों को आधुनिक रेडियोथैरेपी की सुविधा मिलेगी और इलाज के लिए लम्बी प्रतीक्षा भी समाप्त होगी। विशेषज्ञों के अनुसार लीनेक कैंसर के उपचार में उपयोग होने वाली अत्याधुनिक रेडियोथैरेपी मशीन है।
यह मशीन उच्च ऊर्जा वाली एक्स-रे (फोटॉन) या इलेक्ट्रॉन बीम तैयार करती है, जो ट्यूमर के आकार और स्थान के अनुसार सटीक विकिरण देकर कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करती है। इससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों को न्यूनतम नुकसान पहुंचता है। लीनेक मशीन आ जाने से मेडिकल कॉलेज के एमसीआई में कैंसर मरीजों को अब और बेहतर इलाज मिल सकेगा। नागपुर, इंदौर, मुंबई और दिल्ली समेत अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी। स्टेट कैंसर अस्पताल का नया परिसर तैयार होने के बाद से ही पत्रिका लीनेक मशीन की खरीदी का मुद्दा लगातार उठता रहा।
लीनेक मशीन के साथ ही एससीआई को सीटी सिमुलेटर मशीन की भी मिली है। इसका उपयोग किसी बीमारी का पता लगाने के लिए नहीं, बल्कि रेडिएशन थेरेपी (सिंकाई) की योजना तैयार करने में किय जाता है। इससे ट्यूमर का सटीक आकार और उडी लोकेशन जांची जाती है, जिससे केवल कैंसर कोशिकाओं पर रेडिएशन का सटीक निशाना साधा जा सके।
लीनियर एक्सीलेरेटर मशीन व सीटी सिमुलेटर की अत्याधुनिक मशीन मिल गई हैं, इनके इंस्टालेशन में 6 से 9 महीने का समय लगेगा। दोनों मशीनें शुरू होने के बाद कैंसर के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। - डॉ. लक्ष्मी सिंगोतिया, अधीक्षक, स्टेट कैंसर अस्पताल, मेडिकल
-100-125 मरीज आ रहे ओपीडी में
-70-80 मरीज की सिंकाई प्रतिदिन 01 महीने तक का हो जाता था इंतजार सिंकाई में
-40-50 मरीज की कीमोथैरेपी रोजाना