कृषि विकास कल्याण विभाग के नाम से आया पत्र, 13 हजार मांगी जमानत राशि
नरसिंहपुर । जिला मुख्यालय पर निवास करने वाली एक महिला को कृषि विकास कल्याण विभाग नई दिल्ली से नियुक्ति पत्र आया है। पत्र में एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फोटो है, तो वहीं सामने अशोक चिन्ह बना हुआ है। यह नियुक्ति पत्र असली या फर्जी है, इसे लेकर महिला के परिजन परेशान हैं, क्योंकि पत्र में 13 हजार 600 रूपए अनिवार्य जमानत राशि के तौर पर जमा करने कहा गया है। पत्र में सबसे ऊपर एक मोबाइल नंबर अंकित है जिस पर संपर्क कर राशि जमा करने के लिए खाता नंबर देने के निर्देश हैं। हालांकि कई लोग इस नियुक्ति पत्र को फर्जी बता रहे हैं और अपने स्तर पर पतासाजी भी शुरू कर दी है। इस मामले में प्रशासन के अधिकारी खास रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
परिजनों में पशोपश
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक खाता नंबर दिया गया और उसी दिन राशि जमा करने कहा गया। गरीब परिवार की महिला के पास तत्काल पैसे नहीं थे, तो परिजनों से चर्चा की इस दौरान परिजन पैसा जुटाने में लग गए, हालांकि सोमवार तक पैसा तो जमा नहीं किया, लेकिन नियुक्ति पत्र को लेकर महिला व परिजन पशोपेश में है।
पहले मांगे रुपए
नलकूप कॉलोनी के पीछे पालन खेत में निवास करने वाली महिला गीता ठाकुर के नाम यह नियुक्ति पत्र आया है। पत्र में कहा गया है कि कृषि कल्याण विभाग द्वारा आपका चयन सरकारी सेवा के लिए कर लिया है। आपको 28 हजार 500 रूपए मासिक वेतन दिया जाएगा। ध्यान रहे आपका चुनाव सीधी भर्ती कानून वर्ष 2018 अनुभाग 56/3। के माध्यम पर हुआ है। मंत्रालय आपसे अनुरोध करता है कि नियुम शर्तो का पालन करत हुए जिम्मेदार व्यक्ति होने के नाते कृषि विकास कल्याण की योजना को सफल बनाएं। पत्र में महानिदेशक सर्वेश कुमार नाम भी लिखा है। वहीं पत्र के ऊपर वाले हिस्से में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर 8750335483 भी लिखा है, जिस पर संपर्क करने पर महिला को राहुल आसिम नामक व्यक्ति ने बैंक खाता क्रमांक 33050116320 में राशि जमा करने कहा गया है।
ट्रेनिंग का भी हवाला
पत्र में केन्द्रीय सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं में जिला मुख्यालय पर वाहन, 15 दिन की विशेष ट्रेनिंग भोजन अवास सहित, ट्रेनिंग में 700 रूपए प्रतिदिन भत्ता, सामान्य अवकाश के अलावा 1 वर्ष में 24 अवकाश दिया जाएगा। इसी में आगे लिखा है कि अनिवार्य प्रशिक्षण शुल्क देने में उम्मीदवार असमर्थ है तो कृपया इस पत्र को तुरंत नष्ट कर दे, शुल्क जमा होने के उपरांत मोबाइल फोन पर ट्रेनिंग स्थान, आईडी नंबर मैसेज द्वारा भेजा जाएगा, जमानत राशि 24 घंटे में जमा कराना अनिवार्य है।
निर्धारित है अंतिम तिथि
इस मामले में कृषि विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई तो वे नई दिल्ली का मामला होने की बात कहकर टाल गए। हालांकि विभाग के सूत्रों का कहना है कि यह पत्र प्रथम दृष्टया ही फर्जी है, क्योंकि कृषि विकास कल्याण विभाग है ही नहीं, वास्तविक नाम किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग है।
रोजगार सेंटर से लिया था फार्म
गीता ठाकुर ने बताया कि जनपद मैदान के सामने रोजगार की जानकारी से संबंधित फार्म मिलते हैं। वहां से करीब 7 माह पहले उसने फार्म लिया था, और दिल्ली के निर्धारित इस पते पर प्रेषित किया था। जिसके बाद बीते सप्ताह रजिस्ट्री से यह नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ है।