मजदूरों को लेकर जा रहा वाहन पलटा, 29 घायलचरगवां रोड पर घुघरी गांव के पास हादसाघायलों को ले जाने के लिए नहीं मिली एम्बुलेंसअस्पताल में स्ट्रेचर तक नहीं मिला
जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र घुघरी गांव के पास मजदूरों से भरा पिकअप वाहन मंगलवार सुबह पलट गया। वाहन सवार 29 मजदूरों को चोट आई है। हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर श्रमिकों और पुलिस ने घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से निकाला। एम्बुलेंस के लिए फोन लगाते रहे, लेकिन वाहन नहीं आया। गम्भीर घायलों को पुलिस के वाहन और प्राइवेट गाडिय़ों से बाकी घायलों को मेडिकल पहुंचाया गया। घायलों को अस्पताल में भी अव्यवस्था से जूझना पड़ा। कैजुअल्टी के गेट पर पहुंचे घायलों को स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हुए। इसकी खबर लगने पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा अस्पताल पहुंचे। तब इलाज शुरू हो पाया।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बना हादसे की वजह
चरगवां थाना प्रभारी रीतेश पांडे के अनुसार मंगलवार सुबह कोहला गांव से पिकअप वाहन एमपी 20 जीआर 9077 से मजदूर मटर तोडऩे के लिए शहपुरा जा रहे थे। घुघरी गावं में चन्नू ठाकुर के खेत के सामने वाहन पलट गया। चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। मजदूरों के हाथ-पैर फ्रैक्चर हुए है। सिर एवं शरीर में चोट आई है। लोडिंग वाहन में 13 वर्षीय बालक से 60 वर्षीय वृद्धा सहित 30 से ज्यादा लोग सवार थे। वाहन मलूचंद राय के नाम पर पंजीकृत है। कैलाश महाराज की ओर से मजदूरों को पिकअप से शहपुरा भिजवाने की बात सामने आई है।
पुलिस का मानवीय चेहरा दिखा
मेडिकल पहुंचने पर चरगवां थाना के एएसआइ संतोष सेन, एलआर पटेल, आरक्षक अशोक, राजेश, अंकित मजदूरों को कंधे और गोद में उठाकर कैजुअल्टी तक ले गए। अन्य मरीजों के परिजन भी आ गए। उन्होंने भी घायलों को एफआरवी और प्राइवेट वाहनों से उतारकर कैजुअल्टी एवं वार्ड तक ले जाने में मदद की। लेकिन, लाखों रुपए का भुगतान लेेने वाली निजी कम्पनी के वार्ड ब्वॉय गायब थे। पुलिसकर्मियों को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुरस्कृत किया।
दुर्घटना में घायल मजदूरों के लिए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने पांच-पांच हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। राशि रेडक्रॉस के माध्यम से चेक के जरिए वितरित की गई। दुर्घटना में गम्भीर घायल चार मजदूरों इंद्र सिंह, सुनीता, जमुना और सुंदर बाई को तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
विधायक नाराज
मौके पर पहुंचे विधायक संजय यादव को वहां कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं मिला। मेडिकल अस्पताल तक मरीज पहुंचने के बाद भी एसडीएम, तहसीलदार नहीं आए। प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर संजय यादव ने नाराजगी जताई। कलेक्टर से शिकायत की। विधायक ने शहपुरा स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की बैठक ली। उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं के विस्तार के लिए पांच लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने के साथ ही सोनोग्राफी मशीन लगाने को अनुमति प्रदान की।