
इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम का दृष्य (फोटो सोर्स: Patrika)
Jabalpur News :मध्य प्रदेश के आर्थिक नगर इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को मिली सफलता के बाद अब कांग्रेस पार्टी प्रदेश के लगभग सभी बड़े शहरों में राहुल गांधी का युवाओं से संवाद कार्यक्रम कराने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में खबर सामने आई है कि, कांग्रेस अगला कार्यक्रम जबलपुर में कराने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने जबलपुर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मुकेश नायक द्वारा दिए गए बयान में कार्यक्रम पर बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि, इंदौर में कार्यक्रम की सफलता के बाद अब जल्द ही राहुल गांधी कार्यक्रम के तहत जबलपुर आएंगे और यहां भी छात्रों के साथ वो सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार, पार्टी जबलपुर में इंदौर से बड़ा कार्यक्रम करेगी। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। जल्दी ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओँ और तारीख का ऐलान किया जाएगा।
आपको बता दें कि, इंदौर में 19 सितंबर को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें राहुल गांधी ने छात्रों से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे मुद्दों पर संवाद किया था। कांग्रेस ने इंदौर के साथ साथ आसपास के क्षेत्रों से करीब 2 लाख से अधिक युवाओं के कार्यक्रम में आने का दावा किया था। इंदौर में कार्यक्रम को मिली सफलता के बाद अब इसे प्रदेश के लगभग सभी बड़े शहरों में कराने की तैयारी की जा रही है। इसी के चलते अब कांग्रेस इस कार्यक्रम को जबलपुर में करने जा रही है।
हालांकि, इंदौर में आयोजित 19 सितंबर वाले कार्यक्रम का देशभर के सभी शहरों में अलग अलग स्थानों पर लाइव स्ट्रीम भी किया गया था। जबलपुर में भी कार्यक्रम काअलग-अलग इलाकों में सीधा प्रसारण हुआ था। जिला कांग्रेस कमेटी ने जबलपुर में शाम 5 बजे से बिग बाजार, गुलौआ चौक, शास्त्री नगर, छोटी लाइन चौक, कोतवाली, मदन महल थाना इलाके, दमोह नाका, बिलहरी, पनहरा पेट्रोल पंप, व्हीकल मोड़, रद्दी चौकी और घमापुर समेत कई स्थानों पर प्रसारण की व्यवस्था की थी। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ युवा, छात्र और स्थानीय लोग शामिल हुए थे।
Updated on:
21 Sept 2026 03:28 pm
Published on:
21 Sept 2026 02:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
