पनागर में पुलिस द्वारा पीट-पीटकर ऑटो ड्राइवर की मौत के मामले को लेकर कर रहे थे विरोध-प्रदर्शन
जबलपुर। इमलई के ऑटो ड्राइवर की गुरुवार को हुई संदिग्ध मौत के बाद सुलगी आग शनिवार को फिर भड़क गई। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पनागर में हितग्राही सम्मेलन के लिए बनाए गए स्थल के पास प्रदर्शन किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होने वाले थे। सीएम के कार्यक्रम स्थल के समीप विरोध-प्रदर्शन की तैयारी में जुटे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने पहले शांत रहने की समझाइश दी। लेकिन प्रदर्शनकारियों के उग्र रुख को देखते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वैन में बैठाकर जेल भेज दिया।
इस वजह से कर रहे थे आंदोलन
पनागर थानांतर्गत इमलई निवासी शिवराम पटेल का शव गुरुवार को नेशनल हाइवे-7 के करीब संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। ग्रामीणों का आरोप है कि दो पुलिस कर्मी शिवराम को अपनी बाइक में बैठाकर पनागर थाने ले गए थे। जहां, उसके साथ मारपीट की गई जिसमें उसके मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस कर्मी शिवराम के शव को चुपके से सड़क किनारे फेंककर भाग गए। इस मामले में आरोपी पुलिस कर्मियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेसी आंदोलित है। आंदोलन के दौरान गुरुवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प के बाद आंसूगैस और लाठीचार्ज किए जाने के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
काली पट्टी बांधे थे
ऑटो ड्राइवर की मौत और बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता पनागर में विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में थी। कांग्रेस नेता सम्मति सैनी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सीएम सभा स्थल के आसपास एकत्रित हो रहे थे। सभी कांग्रेसी नेता हाथ में काली पट्टी बांधे हुए थे।
पहले ही गिरफ्तार
पनागर में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास प्रदेश स्तरीय श्रमिक हितग्राही सम्मेलन का शनिवार को आयोजन होना। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रदेश के तीन अन्य मंत्रियों को भी भाग लेना। सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रदेश भर से करीब डेढ़ लाख श्रमिक आ रहे है। कांग्रेस नेता सम्मेलन में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री के समक्ष काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन करना चाहते थे। लेकिन पुलिस को जैसे ही मुख्यमंत्री के डुमना एयरपोर्ट पर आगमन की सूचना मिली उसके साथ ही पनागर में सीएम सभा स्थल के आसपास जुट रहे कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। करीब 20 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किए जाने की सूचना है।