Jabalpur soldier daughter news- सैनिक की बेटी की तबीयत बिगड़ने की जैसे ही सूचना मिली, अवकाश के दिन भी अधिकारी रात में ही ऑफिस आ जुटे और महज कुछ घंटों में इलाज के दस्तावेज तैयार कर उसे मुंबई भेज दिया।
Jabalpur soldier daughter news- पिता श्रीनगर में देश की सुरक्षा के लिए तैनात है इधर मासूम बेटी की हालत गंभीर हो गई। एक माह की इस बच्ची के दिल में छेद है। सैनिक की बेटी की तबीयत बिगड़ने की जैसे ही सूचना मिली, अवकाश के दिन भी अधिकारी रात में ही ऑफिस आ जुटे और महज कुछ घंटों में इलाज के दस्तावेज तैयार कर उसे मुंबई भेज दिया। देर रात बच्ची को लेकर परिजन मुंबई रवाना हुए। यह कमाल का काम जबलपुर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने किया।
अधारताल निवासी राहुल कुशवाहा की एक माह की बेटी आराध्या की शनिवार को दोपहर में तबीयत बहुत बिगड़ गई। अस्पताल में जांच में पता चला कि उसके दिल में छेद है। डॉक्टरों ने तुरंत मुंबई जाने को कहा। ऐसे में शनिवार को सरकारी अवकाश होने पर भी जिला स्वास्थ्य कार्यालय रात को 3 घंटे तक खोलकर आराध्या के इलाज के दस्तावेज बनाए और रात में ही उसे मुंबई रवाना कर दिया गया।
आराध्या का जन्म 26 अप्रैल 2025 को हुआ था। तभी भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ने से सैनिक राहुल कुशवाहा को श्रीनगर जाना पड़ा था। इधर आराध्या की तबीयत शनिवार को अचानक ऐसी बिगड़ी कि वह गंभीर हो गई।
ऐसे में मां और दादा रामायण कुशवाहा ने डीईआईसी जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला से बात की। सैनिक की बेटी की स्थिति जानकर सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा भी रात को ही कार्यालय जा पहुंचे। कुछ ही देर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत आराध्या के इलाज के दस्तावेज तैयार किए और बच्ची को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला के अनुसार आराध्या का पूरा इलाज मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत नि:शुल्क किया जाएगा।