जबलपुर

धनतेरस पर बरस रहा धन: बाजार में पैर रखने जगह नहीं, शुभ मुहूर्त पर हो रही खरीदी- देखें वीडियो

धनतेरस पर बरस रहा धन: बाजार में पैर रखने जगह नहीं, शुभ मुहूर्त पर हो रही खरीदी- देखें वीडियो

2 min read
Nov 12, 2020
Gold And Silver Price
Gold Rate Down: Gold price fall after market opening, how much cheaper

जबलपुर। दीपों का पर्व दिवाली आज से शुरू हो रहा है। पर्व पर ग्राहक त्योहारी मूड में हैं। कारोबारियों में भी काफी उत्साह है। उन्हें लॉकडाउन के समय हुए नुकसान की भरपाई की उम्मीद है। कोरोना संक्रमण के कारण लोगों की जरूरतें बदली हैं, इसलिए वे जरूरी चीजों की ही खरीदी कर रहे हैं। हालांकि परम्परागत चीजों का बाजार भी गर्म है। आगामी दिनों में शादियां शुरू हो रही हैं। बाजार को इसका भी लाभ मिलेगा।
इस साल धनतेरस पर खरीदी के लिए दो दिन शुभ मुहूर्त है। मूल धनतेरस गुरुवार को है। हर क्षेत्र में बेहतर कारोबार हो रहा है। शहर में एक बड़ा वर्ग नौकरीपेशा है। उनके वेतन और केंद्रीय कर्मचारियों को मिले बोनस का असर भी बाजार पर रहेगा। किसानों के लिए भी शुभ घड़ी आ रही है। धान की उपज तैयार है। मटर की फसल भी आने लगी है। इससे ग्रामीण क्षेत्र से होने वाला कारोबार भी ठीक रहेगा।

कार के लिए करना होगा इंतजार
ऑटोमोबाइल क्षेत्र में कारों की बहुत बुकिंग है। स्थिति यह है कि लोगों पसंद की कार स्टॉक में मिलना मुश्किल हो रहा है। इसलिए डिलेवरी के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ेगा। जबकि स्कूटर और मोटर साइकिल का पर्याप्त स्टॉक है।

महिलाएं नए गहने पहन कर करेंगी पूजन
सराफा बाजार भी धनरतेस के लिए तैयार है। महिलाएं नए गहने पहनकर प्रथमपूज्य भगवान गणेश और माता लक्ष्मी का पूजन करेंगी। इसके लिए उन्होंने पहले से ज्वेलरी की बुकिंग करा दी है। बुधवार को दामों मे गिरावट का असर जेवरों की बिक्री पर हुआ।

खूब बिकेंगे टीवी, वाशिंग मशीन
इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स की खरीदी के लिए लोगों को धनतेरस का इंतजार रहता है। कोरोना संक्रमण के कारण कई कपड़े सेनेटाइज किए जाते हैं, इसलिए वाशिंग मशीन की मांग बढ़ी है। ऑनलाइन टीचिंग के कारण स्मार्ट टीवी की बिक्री बढ़ी है। फ्रिज, गीजर सहित होम एप्लायंसेस की बिक्री भी हो रही है।

तैयार मकानों की मांग ज्यादा
रियल एस्टेट क्षेत्र भी बेहतर स्थिति में आ गया है। धनतेरस पर खरीदी के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने मकान और प्लॉट की बुकिंग कराई है। कुछ लोगों ने सीधे गृह प्रवेश की योजना बनाई है। शहर सहित इससे लगे 8-10 किमी की दूरी पर चल रहे हाउसिंग प्रोजेक्ट में तैयार मकानों की मांग अधिक है।

हर घर में जाएंगे नए कपड़े
धनतेरस और दीपावली पर नए नए कपड़े पहनकर पूजन की परम्परा के कारण भी लोग कपड़े खरीद रहे हैं। आलम यह है कि रेडीमेड कपड़ा दुकानों में पूरे दिन ग्राहकों का तांता लग रहा है। धनतेरस पर इस क्षेत्र में भी व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।

Updated on:
12 Nov 2020 04:27 pm
Published on:
12 Nov 2020 03:12 pm