
businessman blackmail case pooja raidas arrest, आरोपी पूजा रैदास (Source- Patrika)
Jabalpur Businessman Blackmail Case: मध्यप्रदेश के जबलपुर में कारोबारी सार्थक सिंह को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये की डिमांड करने वाली पूजा रैदास जेल की सलाखों के पीछे है। करीब एक साल पहले एक ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम में हुई मुलाकात के बाद कैसे पूजा रैदास ने कारोबारी को स्टेप बाय स्टेप अपने जाल में फंसाया, उसकी परतें सामने आनी शुरू हो गई हैं। पूजा को बीते रविवार की रात पुलिस ने होटल कदम ट्री से गिरफ्तार किया था और उसके पास से ढाई लाख रुपये नकद भी बरामद किए थे, ये पैसे पूजा ने कारोबारी सार्थक सिंह से ब्लैकमेल कर लिए थे। जानिए कैसे पूजा ने कारोबारी को अपने जाल में फंसाया।
कारोबारी सार्थक सिंह ने पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई है उसमें उसने बताया है कि करीब एक साल पहले अक्टूबर 2025 में उसकी मुलाकात डांसर पूजा रैदास से हुई थी। पूजा एक प्रोग्राम में आई थी वहीं पर दोनों की पहली बार मुलाकात हुई और एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए। इसके बाद पूजा उससे मोबाइल पर बातचीत करने लगी। इसके बाद पूजा ने अपनी पारिवारिक स्थिति बताते हुए सार्थक सिंह से कई बार आर्थिक मदद मांगी।
कारोबारी सार्थक के मुताबिक आर्थिक मदद करने के बाद पूजा ने एक दिन उससे कहा कि वो प्यार करती है। जिस पर मैंने साफ-साफ बताया कि मैं पहले से शादीशुदा हूं और मेरे दो बच्चे हैं, इसलिए तुम्हारे साथ किसी भी प्रकार से नहीं रह सकता। इसके बाद पूजा ने कहा कि वो कौन सा शादी करना चाहती है, सिर्फ साथ रहना चाहती है। साथ ही ये भी कहा अगर तुम मुझे नहीं मिले तो मैं अपनी जान दे दूंगी। इसी बात से डरकर वो पूजा के साथ प्रेम संबंध बनाने के लिए राजी हो गया।
कारोबारी के मुताबिक प्रेम संबंध बनने के बाद पूजा ने उसे कई बार अपनी जरुरतें बताकर पैसे मांगे, शुरूआत में तो उसने बिना कुछ पूछे पूजा को पैसे दे दिए, लेकिन कुछ समय बाद पूजा की डिमांड बढ़ने लगीं। किसी तरह वो तब भी पूजा की पैसों की डिमांड को पूरा करता रहा और अभी तक करीब आठ से नौ लाख रुपये अलग-अलग बार में पूजा को दे चुका है।
करीब दो महीने पहले पूजा ने अपना आखिरी स्टेप उठाया। आरोप है कि पूजा ने कारोबारी सार्थक पर पत्नी को तलाक देने और शादी करने का दबाव बनाया। कारोबारी ने शादी करने से मना किया तो पूजा ब्लैकमेल करने लगी। उसे धमकाया कि अगर शादी नहीं करनी तो 20 लाख रुपये देने होंगे वरना झूठे केस में फंसाकर जेल करवा देगी। काफी बातचीत के बाद 7 लाख रुपये लेने के लिए पूजा राजी हुई। लेकिन इसके बाद कारोबारी ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी, जिसके बाद पूजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बीते रविवार को पूजा ने फोन कर कारोबारी सार्थक सिंह को पैसे लेकर होटल कदम ट्री में बुलाया। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस पहले से ही तैयार थी और जैसे ही होटल में कारोबारी ने पूजा को 2.5 लाख रुपये दिए तो पुलिस ने पूजा को पैसों के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूजा को कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
23 Sept 2026 09:12 pm
Published on:
23 Sept 2026 09:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
