
जबलपुर। गुलौआ ताल में जबलपुर नगर निगम की ओर से लिए जा रहे प्रवेश शुल्क के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी, ग्रामीण कांग्रेस कमेटी व सेवादल ने संयुक्तरूप से धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व पार्षद संजय राठौड़ के अनुसार जब तक नगर निगम शुल्क वापस नहीं लेगा, तब तक विरोध जारी रहेगा। इस दौरान नगर निगम व प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ एक घंटे तक नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 48 घंटे में गुलौआ तालाब में लग रहा प्रवेश शुल्क बंद नहीं होता है, तो दो फरवरी को कछपुरा जोन क्रमांक दो में तालाबंदी की जाएगी। कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि यहां स्थापित प्रतिमा के दर्शन के लिए 10 रुपए व पार्किंग के लिए 20 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। इसका उग्र विरोध होगा। इस दौरान सारिका सिंह, सेवादल यूथ बिग्रेड के यतेंद्र सोनी, अशोक बर्मन,मनोज भदौरिया,पप्पी दुबे, कीर्ति चौहान, इंदिरापाठक तिवारी, नूतन पांडे, अफसाना अंसारी, किरण विश्वकर्मा मौजूद थीं।
यहां के आम लोगों का कहना है कि निगम के जिम्मेदार इस समय तानाशाही रवैया दिखा रहे हैं। वे सार्वजनिक स्थलों का विकास तो कराते नहीं, लेकिन मनमर्जी का शुल्क वसूलने लगते हैं। गुलौआ ताल यहां के रहवासियों के लिए सुबह-शाम की सैर करने के लिए उपयुक्त स्थल है। लेकिन, जिम्मेदारों ने तो बुजुर्गों और बच्चों के भी प्रवेश पर शुल्क थोप दिया है। जबकि, यहां पर मूलभूत सुविधाएं भी मुहैया नहीं कराई गई हैं।