
जबलपुर। पेशे से शिक्षक एक महिला का अपने पति के साथ तलाक केस चल रहा है। वह पति से अलग दूसरे घर और मोहल्ले में रह रही थी। हालातों से परेशान महिला की मुलाकात एक दिन देवेंद्र विश्वकर्मा उर्फ मुन्ना से हुई। जान-पहचान बढ़ी तो देवेंद्र का शिक्षिका के घर आना-जाना शुरू हुआ। मदद की आड़ लेकर देवेंद्र, शिक्षिका के करीब आ गया। फिर उसे प्रेमजाल में फंसाकर जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। महिला ने विरोध किया तो देवेंद्र का असली चेहरा उसके सामने आ गया। वह उसे अनैतिक संबंधों की बात सार्वजनिक करने की बात कहकर ब्लैकमेल करने लगा।
शून्य पर प्रकरण दर्ज
पुलिस ने बताया कि ३६ वर्षीय महिला का पति से तलाक का केस न्यायालय में चल रहा है। वह पति से अलग दमोहनाका शांति नगर में रहती थी। जहां उसकी मुलाकात देवेन्द्र विश्वकर्मा उर्फ मुन्ना से हुई। मुन्ना ने महिला को जाल में फंसाया और उसका दैहिक शोषण करने लगा। पीडि़त शिक्षिका ने बुधवार रात गोराबाजार थाना में एक बदमाश के खिलाफ उसका दैहिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शून्य पर प्रकरण दर्ज कर डायरी गोहलपुर थाने भेज दी।
कई किमी दूर लिया घर
पुलिस के अनुसार आरोपित महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। किसी को किसी को कुछ बताने पर जान से खत्म करने की धमकी देता था। आरोपित की दहशत में पीडि़त शिक्षका ने शांति नगर का अपना घर बदल लिया। कई किलोमीटर दूर बिलहरी में किराए के मकान में रहने लगी। इसके बाद आरोपित शिक्षिका को फोन पर धमकाने लगा।
स्कूल पहुंचा, फिर रास्ते में रोका
पुलिस के अनुसार शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई है कि जब आरोपित देवेंद्र को घर का पता नहीं मिला तो वह उसे ढूंढता हुआ 10 फरवरी को उसके स्कूल पहुंच गया। महिला वहां नहीं मिली, तो आरोपित उसे तलाशता रहा और रास्ते में रोक लिया। आरोपित ने महिला को धमकाया। बुधवार को भी आरोपित देवेन्द्र ने महिला को फोन किया और अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।