जबलपुर

Durga Puja special: संस्कारधानी जबलपुर में महिलाओं ने रचा है इतिहास, जानें क्या है वो विशेष…

-Durga Puja special: महर्षि जाबालि के नगर में महिलाओं ने तैयार किया है बैंड ग्रुप-सार्वजनिक पूजन में बढ़-चढ़ कर ले रही हैं भाग

3 min read
Oct 24, 2020
जबलपुर की महिला बैंड पार्टी

जबलपुर. महर्ष जाबालि की नगरी, मध्य प्रदेश की संस्कारधानी के रूप में विख्यात जबलपुर में संस्कारों की सरिता का प्रवाह निरंतर होता रहता है। ये वो नगरी है जहां प्राचीनता के साथ नित नवीनता के भी समान रूप से दर्शन होते हैं। बदलाव बहुत हुए पर संस्कार आज भी अक्षुण्ण हैं। इस संस्कारवान नगरी की महिलाओं ने संस्कारों को बड़े जतन से सींचा है, पुष्पित व पल्लवित किया है। यही वो शहर है जहां महिलाओं ने शुभ मांगलिक कार्यों में जान डालने के लिए अपनी महिला बैंड पार्टी तैयार की है। इस शारदीय नवरात्रि (Durga Puja special) के मौके पर यहां की महिलाएं आदि शक्ति भगवती को अपनी संगीतांजलि प्रस्तुत कर रही हैं जिसे देखने व सुनने के लिए लोग दूर-दूर से आ रहे हैं।

यूं तो धार्मिक आयोजनों में निःशुल्क संगीतमय प्रस्तुति देने के लिए सर्वप्रथम आदिनाथ शाखा ने शहर का पहली महिला बैंड पार्टी तैयार की। अब उस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री जानकी बैंड ऑफ वूमेन अपनी प्रस्तुतियों से नगर की धर्म प्राण जनता को अपने सुमधुर संगीत से रस सिंचित कर रही है।

आदिनाथ शाखा की बैंड पार्टी के बारे में पत्रिका पहले ही अपने पाठकों को बैंड फाउंडर और शाखा अध्यक्ष सविता सिंघई के माध्यम से जानकारी उपलब्ध करा चुका है। इस बैंड पार्टी में इंस्ट्रूमेंट्स के तौर पर बैंड, 4 बड़े और छोटे स्नेयर, झांझ, बिगुल, बांसुरी शामिल हैं। वहीं 15 लीड मेम्बर्स और 5 स्टैंड बाय मेम्बर्स हैं। दल में सविता सिंघई, सीमा, रूपाली, रश्मि, प्रिया, प्रीति, रेश्मा, लता, अवनि, संगीता, पुष्पा, साधना शामिल हैं। यह बैंड शोभायात्रा, चौका व अन्य आयोजन में राष्ट्रीय धुन, भजन, देशभक्ति गीतों की निशुल्क प्रस्तुति देने के लिए तैयार किया गया था।

बैंड फाउंडर और शाखा अध्यक्ष सविता सिंघई ने तब पत्रिका को बताया था कि इस बैंड पार्टी के लिए महिलाओं को तैयार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने मकसद में कामयाब हुईं। जिन मेम्बर्स को बैंड के इंस्ट्रूमेंट्स बजाने नहीं आते थे, उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया। बता दें कि यह महिला बैंड शहर के इतिहास में पहली महिला बैंड पार्टी रही जो धार्मिक की पूर्ति के लिए तैयार किया गया था।

अब उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए एक बार फिर संगीत द्वारा कुछ अलग अंदाज में देवी स्तुति करने के उद्देश्य से श्री जानकी बैंड ऑफ वूमन अपनी प्रस्तुति देने को आगे आया है। इस शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्री जानकी बैंड ऑफ वूमेन के कलाकार झोतेश्वर में अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। महिला कलाकारों की प्रतिभा को सभी की सराहना मिल रही है। बैंड में जहां हारमोनियम जैसा पारंपरिक वाद्य यंत्रों को शामिल किया गया है तो वहीं गिटार को भी उतनी ही प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इस बैंड पार्टी की सदस्य वादन के साथ गायन में भी निपुण हैं। बैंड की परिकल्पना दविंदर सिंह ग्रोवर की है। मार्गदर्शन डॉक्टर अभिजात कृष्ण त्रिपाठी का का है। बैंड के कलाकारों ने द्वी पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के सामने झोतेश्वर परमहंसी गोटेगांव में महा सप्तमी के दिन प्रस्तुति दी। जिसमें डॉ शिप्रा सुल्लेरे ने संगीत निर्देशन किया।

ग्रुप में मुस्कान सोनी (गायन और गिटार), मनीषा तिवारी (जेम्बे), पूजा कनोजिया, तनीषा लोनारे, अनामिका कश्यप, अंजलि सोनी, ज्योति पांडेय, पलक गुप्ता, शालिनी अहिरवार शामिल हैं।

Published on:
24 Oct 2020 02:45 pm
Also Read
View All