
Jabalpur Jewellery Shop Theft: मध्यप्रदेश के जबलपुर में धनतेरस पर बाजार में भीड़ का फायदा उठाते हुए महिलाओं की गैंग ने एक ज्वेलरी शॉप से जेवरात का एक पूरा बॉक्स ही पार कर दिया। घटना माढ़ोताल थाना क्षेत्र में आईटीआई के सामने स्थित हिन्द ज्वेलर्स की है। जहां शुक्रवार दोपहर पांच महिलाओं ने मिलकर करीब 70 ग्राम वजनी सोने के जेवरात चोरी कर लिए। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची थीं। उन्होंने पहले जेवरात देखने के बहाने कर्मचारी को उलझाया और फिर बच्चे की आड़ लेकर डिस्प्ले में रखा जेवरों का पूरा बॉक्स पार कर दिया। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में माढ़ोताल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ज्वेलरी शॉप के संचालक इंद्रपाल सोनी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं। उन्होंने बिछिया दिखाने को कहा, इसके कुछ देर बाद दो और महिलाएं आईं फिर पांचवी महिला दुकान में आई। चार महिलाओं ने कर्मचारी से अलग-अलग जेवरात दिखाने के लिए कहा, उन्होंने चांदी का सिक्का दिखाने के लिए भी कहा। इस तरह से लगातार महिलाओं ने दुकान पर मौजूद कर्मचारी का ध्यान भटकाया।
जब चारों महिलाओं ने कर्मचारी को अपनी बातों में फंसाया हुआ था, तभी पांचवीं महिला जो एक बच्चे के साथ कुर्सी पर बैठी थी वो बच्चे की आड़ लेकर डिस्प्ले तक पहुंची। सभी की नजरों से बचते हुए उसने डिस्प्ले में रखा सोने के जेवरात का पूरा बॉक्स उठाकर छिपा लिया। इसके बाद पांचों महिलाएं मौके से निकल गईं। कुछ देर बाद जेवरात का बॉक्स गायब होने का पता चला तो दुकान में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है।