
जबलपुर. मध्यप्रदेश के इस शहर का हवाई संपर्क देशभर से टूट गया। यह स्थिति जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर आई तकनीकि गड़बड़ी की वजह से बनी। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा भी जबलपुर आने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी फ्लाइट भी रद्द हो गई। इससे दिल्ली तक हड़कम्प मच गया। सुधार कार्य के लिए नागपुर से विशेषज्ञों को बुलाया गया।
बुधवार रात को आई तकनीकी गड़बड़ी
उड़ान संबंधी सिस्टम में बुधवार रात को आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते जबलपुर का हवाई संपर्क देशभर से कटा रहा। लैंडिंग के दौरान विमान को दृश्यता संबंधी सिग्नल भेजने वाला डीवीओआर (डॉप्लर वेरी हाइ फ्रिक्वेंसी ओमनी रेंज) बुधवार रात को अचानक खराब हो गया। इसे सुधारने के लिए जुटी नागपुर से आई तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गुरुवार शाम तक इसे सुधार नहीं पाई थी। खराबी के चलते गुरुवार को जबलपुर आने वाली सभी 6 उड़ानें रद्द कर दी गई।
क्या है डीवीओआर
डीवीओआर एक सिस्टम है। यह फ्लाइट लेंडिंग के वक्त पायलट को एयरपोर्ट पर दृश्यता संबंधी मदद करता है। यदि सामान्य मौसम में किन्हीं कारणों से दृश्यता उपयुक्त न हो, तो तो डीवीओआर एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) के जरिए फ्लाइट को सिग्नल भेजता है, जिससे फ्लाइट को रनवे पर उतरने में आसानी होती है। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामतनु शाहा के अनुसार विशेषज्ञों की टीम तकनीकी खराबी को सुधारने में जुटी है, जल्द ही सुधार कार्य पूरा हो जाएगा।
दो बार बदला सीजेआई का कार्यक्रम
तकनीकी खराबी के चलते गुरुवार को डुमना विमानतल का देशभर से हवाई संपर्क कटा रहा। एअर इंडिया सहित तकरीबन 6 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इसी के चलते गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआइ) दीपक मिश्रा भी उड़ान रद्द होने से जबलपुर नही पहुंच सके। सीजेआइ का कार्यक्रम दो बार संशेाधित किया गया। पहले वे संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से जबलपुर आने वाले थे। कार्यक्रम में संशोधन किया गया। अब वे गोडंवाना एक्सप्रेस से शुक्रवार सुबह जबलपुर पहुंचेंगे। दोपहर 1.15 बजे जस्टिस मिश्रा मप्र हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोएिशन व सीनियर एडवोकेट्स काउंसिल के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे शाम 7 बजे जिला न्यायालय के नए भवन का लोकार्पण करेंगे।
दो दिन रहेंगे सीजेआई
शनिवार सुबह 10 बजे सीजेआइ मिश्रा डुमना रोड पर पिपरिया स्थित धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। दोनों मुख्य कार्यक्रमों में मप्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हेमंत गुप्ता, पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस मेनन, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। इसके बाद सीजेआइ मिश्रा दोपहर 12.10 बजे टेलीकॉम ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भवन में धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का अस्थायी शुभारंभ करेंगे। इस दौरान विवि की वेबसाइट का लोकार्पण भी होगा।