तार में करंट फैलाकर किया हिरण का शिकार,आदतन अपराधी ने दिया घटना को अंजाम

वन परिक्षेत्र सिहोरा की मझगवां बीट के बुधारी-धनगवां गांव की घटना, जीआई तार और मृत हिरन के साथ आरोपी गिरफ्तार
less than 1 minute read
• •
Updated: 23 Dec 2016, 9:18 PM IST
deer hunt
deer hunt
जबलपुर/सिहोरा। वन परिक्षेत्र सिहोरा की मझगवां बीट के बुधारी-धनगवां गांव में बिजली का करंट फैलाकर हिरण के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से शिकार में उपयोग किया गया जीआई तार, लकड़ी की खूंटी जप्त की गई हैं। आरोपित के खिलाफ वन अधिनियम 1972 की धारा 2,9,39,50,51 का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
सिहोरा रेंजर जेपी वास्पे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बुधारी-धंनगवा गांव के पास खेत में करंट फैलाकर हिरण का शिकार किया गया है। सूचना पर मझगवां डिप्टी रेंजर आईके बडग़ैया, बीट प्रभारी शैलेष ज्योतिष, वन रक्षक दिनेश गर्ग की टीम गठित कर बताए गए स्थान पर रवाना किया गया। अमले को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन अमले ने आरोपित को दबोच लिया।

ऐसे किया शिकार

रेंजर ने बताया कि आरोपित विशाल सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी भंडरा ने हिरण के शिकार के लिए योजना बनाई थी। उसने खेत में खूंटी गाड़ दी थीं। जिनमें जीआई तार लगा दिया गया था। इसके बाद आरोपी ने जीआई तार में करंट लगा दिया। जिसमें फंसकर तीन साल की उम्र के नर हिरण की मौत हो गई। बताया गया है कि आरोपी आदतन अपराधी है। जिसके विरूद्ध न्यायालय में प्रकरण चल रहे हैं।
Published on: