23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / World / पाकिस्तान की ‘प्रॉक्सी डॉक्ट्रिन’ क्या है? तालिबान से लश्कर और जैश तक, कैसे काम करती है कथित रणनीति

पाकिस्तान की ‘प्रॉक्सी डॉक्ट्रिन’ क्या है? तालिबान से लश्कर और जैश तक, कैसे काम करती है कथित रणनीति

पाकिस्तान की कथित प्रॉक्सी वॉर नीति पर एक विश्लेषण में तालिबान, हक्कानी नेटवर्क, मुंबई हमलों और पुलवामा का जिक्र किया गया है। जानिए रिपोर्ट के प्रमुख दावे।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Anurag Animesh

•

Updated: 24 Nov 2026, 2:00 AM IST

Pakistan news

AI Image-(ChatGpt)

Pakistan Proxy Doctrine: पाकिस्तान की सैन्य और खुफिया व्यवस्था पर आतंकवादी संगठनों को कथित तौर पर संरक्षण देने और पड़ोसी देशों के खिलाफ उनका इस्तेमाल करने के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। एक विस्तृत विश्लेषण में दावा किया गया है कि पाकिस्तान की सेना और खुफिया एजेंसी ISI ने पिछले चार दशकों में आतंकी संगठनों को अपनी रणनीतिक नीति के तहत इस्तेमाल किया। इसमें भारत के खिलाफ गतिविधियों, अफगानिस्तान में प्रभाव बनाए रखने और अमेरिका के साथ बातचीत में दबाव बनाने जैसे उद्देश्यों का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट में इस नीति को 'प्रॉक्सी डॉक्ट्रिन' यानी दूसरे संगठनों के जरिए अपने रणनीतिक हित साधने की नीति बताया गया है। इसमें तालिबान, हक्कानी नेटवर्क, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के साथ पाकिस्तान के कथित संबंधों का उल्लेख किया गया है।

काबुल में चाय पीते दिखे थे ISI प्रमुख फैज हमीद


रिपोर्ट की शुरुआत 4 सितंबर 2021 की एक घटना से होती है। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर कब्जे के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के तत्कालीन प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद काबुल पहुंचे थे।काबुल के एक होटल में चाय पीते हुए उनकी तस्वीर सामने आई थी। जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि आगे क्या होगा, तो उन्होंने जवाब दिया था, 'चिंता मत कीजिए, सब ठीक हो जाएगा।' रिपोर्ट में इस घटना को पाकिस्तान और तालिबान के संबंधों के संदर्भ में अहम बताया गया है। इसमें तर्क दिया गया है कि तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद फैज हमीद का काबुल पहुंचना पाकिस्तान की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े करता है।

तालिबान की क्वेटा शूरा का पाकिस्तान से संचालन करने का आरोप


लेख के मुताबिक, 2001 में अमेरिका के नेतृत्व वाले अभियान के बाद तालिबान की सत्ता तो खत्म हो गई, लेकिन संगठन के नेता पाकिस्तान चले गए। अमेरिकी मिलिट्री अकादमी के काउंटरिंग टेररिज्म सेंटर के विश्लेषकों के अनुसार, तालिबान का नेतृत्व परिषद 'क्वेटा शूरा' पाकिस्तान के बलूचिस्तान से अपना अभियान संचालित कर रहा था। पाकिस्तान ने 2009 तक इस परिषद के अस्तित्व से इनकार किया था। मई 2016 में तालिबान के तत्कालीन प्रमुख मुल्ला अख्तर मंसूर की बलूचिस्तान में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हुई थी। बाद में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने पुष्टि की थी कि घटनास्थल से वली मोहम्मद के नाम से जारी पाकिस्तानी पासपोर्ट मिला था।

हक्कानी नेटवर्क और काबुल स्थित भारतीय दूतावास पर हमला


लेख में हक्कानी नेटवर्क को भी पाकिस्तान की कथित प्रॉक्सी रणनीति का हिस्सा बताया गया है। जुलाई 2008 में काबुल स्थित भारतीय दूतावास पर आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी। इसके कुछ सप्ताह बाद द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट प्रकाशित की थी कि इंटरसेप्ट किए गए संचार के आधार पर ISI के अधिकारियों की हमले की योजना में भूमिका होने का निष्कर्ष निकाला गया था। पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया था।

काबुल में अलकायदा प्रमुख अल-जवाहिरी की मौजूदगी


अगस्त 2021 में तालिबान के काबुल पर कब्जे के अगले दिन पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा था कि अफगानों ने 'गुलामी की बेड़ियां तोड़ दी हैं'। इस टिप्पणी को तालिबान की जीत के समर्थन के तौर पर देखा गया था।

जुलाई 2022 में अमेरिका ने काबुल में ड्रोन हमले में अलकायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी को मार गिराया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वह जिस घर की बालकनी में मौजूद था, वह तालिबान के गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी के एक करीबी सहयोगी का था। इससे पाकिस्तान और हक्कानी नेटवर्क के संबंधों को लेकर फिर सवाल उठे।

मुंबई धमाकों से 26/11 और पुलवामा तक का जिक्र


लेख में पाकिस्तान की कथित प्रॉक्सी रणनीति को भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों से भी जोड़ा गया है।

  • 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट: मार्च 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 257 लोगों की मौत हुई थी। लेख में कथित मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में छिपे होने के भारतीय दावे का उल्लेख किया गया है। अमेरिका ने अक्टूबर 2003 में उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था।
  • 26/11 मुंबई हमला: लेख में लश्कर-ए-तैयबा का जिक्र किया गया है, जिसे नवंबर 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार माना गया है।
  • 2019 पुलवामा हमला: जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। लेख के अनुसार, इन संगठनों के नेताओं के पाकिस्तान में रहने और वहां उनकी गतिविधियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। इन संगठनों को संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया है। लेख में आरोप लगाया गया है कि पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय दबाव पड़ने पर ही इनके खिलाफ कार्रवाई की।

डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को दी जाने वाली अमेरिकी मदद पर उठाए थे सवाल


लेख में अमेरिका और पाकिस्तान के संबंधों का भी जिक्र है। 1 जनवरी 2018 को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को दी गई आर्थिक और सैन्य सहायता पर नाराजगी जताई थी। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने 15 वर्षों में पाकिस्तान को 33 अरब डॉलर से अधिक की सहायता दी, लेकिन बदले में उसे झूठ और धोखे के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकवादियों को सुरक्षित पनाह देने का आरोप लगाया था। इसके तीन दिन बाद अमेरिकी प्रशासन ने पाकिस्तान को दी जाने वाली अधिकांश सुरक्षा सहायता रोक दी थी। अमेरिका ने कहा था कि तालिबान और हक्कानी नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई होने तक यह सहायता निलंबित रहेगी।