23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / World / लीबिया के तट पर यूक्रेन का बड़ा हमला, रूस का युद्धपोत मर्करी डुबोया; जेलेंस्की ने जारी किया ऑपरेशन का वीडियो

लीबिया के तट पर यूक्रेन का बड़ा हमला, रूस का युद्धपोत मर्करी डुबोया; जेलेंस्की ने जारी किया ऑपरेशन का वीडियो

यूक्रेन ने लीबिया के तट के पास रूसी नौसेना के युद्धपोत को निशाना बनाकर डुबोने का दावा किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यूक्रेनी सेना ने अपने देश में निर्मित सात नौसैनिक ड्रोन की मदद से रूसी युद्धपोत मर्करी को समुद्र में डुबो दिया।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 23 Nov 2026, 3:31 PM IST

Ukraine Russia War

लीबिया के तट पर यूक्रेन का बड़ा हमला, रूस का युद्धपोत मर्करी डुबोया: (फोटो- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की द्वारा जारी वीडियो का स्क्रीनशॉट)

यूक्रेन ने लीबिया के तट के पास रूसी नौसेना के युद्धपोत को निशाना बनाकर डुबोने का दावा किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यूक्रेनी सेना ने अपने देश में निर्मित सात नौसैनिक ड्रोन की मदद से रूसी युद्धपोत मर्करी को समुद्र में डुबो दिया। इसके साथ ही रूस के एक मालवाहक जहाज पर भी हमला किया गया। जेलेंस्की ने इस सैन्य अभियान का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी किया है। जेलेंस्की ने इस कार्रवाई को रूस की आक्रामकता का जवाब बताते हुए यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) और रक्षा बलों के जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान निर्धारित सभी लक्ष्यों को हासिल कर लिया गया है।

सात नौसैनिक ड्रोन से किया हमला

जेलेंस्की ने अपनी पोस्ट में लिखा कि रूस के युद्ध के जवाब में यूक्रेन का एक बेहतरीन ऑपरेशन। मैं यूक्रेन की सुरक्षा सेवा और हमारे सभी रक्षा बलों के उन योद्धाओं को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने इन कार्यों को अंजाम देने में हिस्सा लिया। मुझे कल और आज इस ऑपरेशन के चरणों के बारे में विस्तृत जानकारी मिली - हमने जो लक्ष्य तय किए थे, वे हासिल कर लिए गए हैं। हमले के बार में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना ने लीबिया के तट के पास स्वदेशी नौसैनिक ड्रोन तैनात किए थे। हमले को रोकने की रूस की कोशिशों को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सब लीबिया के तट के पास हुआ।

हमारे योद्धाओं ने यूक्रेन में बने सात नेवल ड्रोन तैनात किए। दुश्मन की तमाम कोशिशों के बावजूद, रूसी युद्धपोत 'मर्करी' को डुबो दिया गया। जेलेंस्की ने बताया कि 'मर्करी' रूस के सबसे नए युद्धपोतों में से एक था, जिसे 2023 में, यानी मॉस्को द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू करने के बाद शामिल किया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस युद्धपोत के साथ एक केए-27 (Ka-27) कॉम्बैट हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गया।

हथियारों की सप्लाई में इस्तेमाल हो रहा था रूसी मालवाहक जहाज

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने बताया कि दूसरा निशाना रूसी मालवाहक जहाज एमवी अंगारा (MV Angara) था। जेलेंस्की का आरोप है कि रूस इस जहाज का इस्तेमाल हथियारों की ढुलाई के लिए कर रहा था। उन्होंने कहा कि जहाज को भी निशाना बनाया गया और हमला सफल रहा।

हालांकि, यूक्रेन ने मालवाहक जहाज को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं दी है। साथ ही सैन्य अभियान की सटीक लोकेशन भी सार्वजनिक नहीं की गई है।

बेंगाजी में रूसी जहाज पर विस्फोट के एक दिन बाद कार्रवाई

यूक्रेन के इस दावे से एक दिन पहले रविवार को पूर्वी लीबिया के बेंगाजी स्थित नौसैनिक अड्डे पर खड़े एक रूसी जहाज में जोरदार विस्फोट हुआ था। शुरुआत में इस घटना के पीछे ड्रोन हमले की आशंका जताई गई थी।

जर्मन मीडिया संस्थान DW के अनुसार, पूर्वी लीबिया के प्रशासन ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया था कि विस्फोट बंदरगाह पर खड़े एक रूसी जहाज में हुआ। आशंका है कि जहाज पर ड्रोन से हमला किया गया था। चिकित्सा सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट में कुछ लोग घायल हुए, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, रूसी जहाज रूस लौटते समय ईंधन और अन्य जरूरी सामान लेने के लिए बेंगाजी बंदरगाह पर रुका था। पूर्वी लीबिया के प्रशासन ने इस संदिग्ध हमले को देश की संप्रभुता और समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा बताया था। साथ ही रूस के साथ संयुक्त जांच और कानूनी व कूटनीतिक कार्रवाई की बात कही थी।

जेलेंस्की ने दिए आगे भी हमले जारी रखने के संकेत

इस सैन्य कार्रवाई के बाद जेलेंस्की ने संकेत दिए कि यूक्रेन निर्धारित समुद्री क्षेत्रों में अपने अभियान जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन रूस की आक्रामकता का जवाब दे रहा है और अपने स्वदेशी हथियारों का विकास भी कर रहा है।