
जबलपुर। हरितालिका तीज पर हर घर में माताएं बहनें व्रत तो रखेंगी ही, साथ ही पकवानों की सौंधी महक भी उनके रसोई घर से निकलकर पूरी गली में फैलेगी। पकवानों में इस दिन जहां गुजिया, पापड़ी, सेव, खुरमा समेत अन्य पकवान बनेंगे, वहीं व्रतधारी महिलाएं विशेषतौर पर मीठे पुए जरूर बनाएंगी।
पूनम विश्वकर्मा एक गृहणी होने के साथ साथ नौकरीपेशा भी हैं। किंतु वे रसोई में नए नए पकवान या पारंपरिक पकवानों में कुछ नया स्वाद देने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। पूनम हमें हरितालिका तीज के लिए मीठे पुए बनाने की विधि बताने जा रही हैं। पूनम के अनुसार ये पूए न केवल स्वादिष्ट होंगे, बल्कि सेहत के लिहाज से भी श्रेष्ठ रहेंगे। जिन्हें व्रत पश्चात महिलाएं युवतियां तो खा सकेंगी, साथ में मेहमानों को भी ये खिलाए जा सकेंगे। आइए जानते हैं मीठे पुए बनाने की विधि-
READ MORE- गणेश चतुर्थी 2018 : गणेश जी की वैदिक पूजा विधि, सारे दोष हो जायेंगे दूर
सामग्री-
गेहूं का आटा - 3 कप
चीनी या गुड़ - आधा कप
गोला - कटा हुआ
सौंफ- आधा चम्मच
तेल या घी - तलने के लिए
विधि
- मीठे पुए बनाने के लिए सबसे पहले आटे को किसी बर्तन में छान लें।
- पानी गरम करके उसमें चीनी या गुड़ का घोल तैयार कर लें।
- अब आटे में ये घोल मिलाएं, ध्यान रहे मिश्रण ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए।
- अब इसमें सौंफ और नारियल कीसा हुआ मिलाएं, इस मिश्रण को अच्छे से मिक्स कर लें।
- अब कडाही में तेल गरम करें और जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तो इसमें थोड़ा-थोड़ा घोल लेकर पुए डालें।
- पुए सेंकते समय इन्हें लगातार हिलाते रहें, ताकि ये बराबर से सिक जाएं।
- जब पुए दोनों तरफ से अच्छे से सिककर सुनहरे हो जाएं तो इन्हें बाहर निकाल लें, गरमागरम पुए बनकर तैयार हैं।