
जबलपुर। शहर व आसपास के इलाकों में कल से झमाझम बारिश हो रही है। बादलों ने आसमान पर डेरा डाल रखा है। जानकारों के अनुसार उत्तर पश्चिमी छत्तीसगढ़, उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश में बने कम दबाव के कारण लगातार बारिश हो रही है। रविवार की सुबह से जोरदार बारिश के चलते गलियां, सडक़ें और घरों तक में पानी भर गया है। खेत-खलिहान भी जलमग्न हो गए। पिछले 2 दिनों से रुक-रुक कर और रविवार सुबह से लगातार बरस रहे पानी से लोग घरों में कैद हो गए हैं। कई निचली बस्तियां जलमग्न हो गई हैं।
#live जबलपुर में झमाझम बारिश तरबतर हुआ शहर
शहर के जिन इलाकों में निर्माण कार्य चल रहे हैं वहां की सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। भारी बारिश से न सिर्फ बस और रेल यातायात प्रभावित हुआ है, बल्कि हवाई यात्रा पर भी इसका असर पड़ा है। सिंगरौली के निकट रेल ट्रेक पर गिरे विशाल वृक्ष के चलते दर्जनों ट्रेन जहां की तहां खड़ी कर दी गई। कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से आगे चलाया जा रहा है। जबलपुर से दमोह मार्ग के बाधित होने से अधिकांश बसें रद्द करनी पड़ गई।
लगातार बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। अनेक निचली बस्तियों में नाले-नाली का पानी ओवरफ्लो होकर घरों में घुस रहा है। हालांकि निगम के सफाई कर्मी पानी निकासी के प्रबंध में जुटे हैं, किंतु लगातार बारिश से यह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। उपनगर अधारताल के दुर्गा नगर, गायत्री नगर सहित अनेक निचली बस्तियों में लोग परेशान हैं। तो वहीं चेरीताल बस्ती सहित इससे लगी आनंद कॉलोनी, जगदंबा कॉलोनी, तुलसी नगर, सरस्वती कॉलोनी में सडक़ों पर पानी भर गया है। चेरीताल से सराफा जाने वाले मार्ग पर 2 फीट से ऊपर तक नाले का पानी भरा है। उधर पश्चिम के बेदी नगर, गंगा नगर के हाल-बेहाल हैं।