
mother daughter seek protection from jabalpur collector, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के पैरों में गिरकर मां-बेटी ने मांगी बदमाशों से सुरक्षा (source-patrika)
Jabalpur Collector Raghvendra Singh: मध्यप्रदेश के जबलपुर में बेखौफ बदमाशों से परेशान मां-बेटी ने कलेक्टर के पैरों में गिरकर मदद मांगी। मां-बेटी कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के सामने रोड पर उनके पैरों में गिर गईं और मां ने झोली फैलाकर मदद की गुहार लगाई। कलेक्टर ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए मां-बेटी को उठने के लिए कहा और फिर उनकी शिकायत सुनकर घमापुर थाना प्रभारी को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और परिवार को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जबलपुर के घमापुर इलाके की रहने वाली मां-बेटी मंगलवार को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के पास फरियाद लेकर पहुंची थीं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत के साथ बैठक के लिए निकल रहे थे, तभी मां-बेटी उनके पास पहुंचीं और सड़क पर ही रोते हुए पैरों में गिर गईं, मां ने आंचल फैलाकर मदद मांगी। मां-बेटी को रोता देख कलेक्टर ने उन्हें पहले तो उठने के लिए कहा, इसके बाद मां-बेटी ने कलेक्टर को बताया कि इलाके में रहने वाला हनी बेन और उसका परिवार उन्हें प्रताड़ित कर रहा है, पुलिस में शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्टर ने मां-बेटी की शिकायत पर तुरंत घमापुर थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीड़ित मां ने कलेक्टर को बताया कि फरवरी 2022 में खुद को हनी बेन ने खुद को हनी मिश्रा बताकर 14 साल की बेटी से दोस्ती की और फिर उसे अपने साथ घर से भगा ले गया। पुलिस में शिकायत की तो कुछ दिन बाद एसपी से शिकायत करने पर पुलिस बेटी को गढाकोटा से बरामद कर वापस लाई। तब पुलिस ने आरोपी हनी बेन को गिरफ्तार कर उसका जुलूस भी निकाला था लेकिन उसी दिन कोर्ट से उसे जमानत मिल गई। इसके बाद से हनी और उसका परिवार उन्हें परेशान कर रहा है। मार्च 2026 में बड़ी बेटी को होली के दिन हनी बेन ने जबरदस्ती रंग लगाया और जब बेटी ने विरोध किया तो आरोपियों ने मिलकर मारपीट की। तब भी पुलिस में शिकायत की लेकिन पुलिस ने समझाईश देकर मामला शांत करा दिया।
मां-बेटी ने ये भी बताया कि 14 जून को भी हनी बेन और उसके परिवार वालों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें पिता को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। तब भी पुलिस में शिकायत की लेकिन कार्रवाई न होने से उनके हौसले बढ़ गए, अब आरोपी रास्ते में रोककर छेड़छाड़ व अभद्रता करते हैं। इसके कारण बेटियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वो घर से निकलने से तक डरने लगी हैं। मां-बेटी का कहना है कि अगर पुलिस वक्त पर कार्रवाई करती तो ये हालात नहीं बनते। पीड़ित मां-बेटी की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिया है।
Published on:
16 Jun 2026 09:51 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
