
जबलपुर। शहर में सुबह से बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली का खेल चल रहा है। दोपहर 12 बजे काले घने बादलों ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया। 12:30 बजे तेज हवाओं के साथ बादल जमकर झमाझम बरसने लगे। जिससे न केवल ठंडक मिली बल्कि मौसम सुहाना भी लगने लगा। लेकिन बमुश्किल 15 मिनट की बारिश हवा के बाद धूप खिलने लगी। जिससे सुहाना मौसम उमस में तब्दील हो गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले चौबीस घंटे में जबलपुर संभाग समेत प्रदेश अनेक जिलों में बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं कहीं बारिश होने की संभावना भी है। बुधवार तक बादलों और सूरज के बीच इसी तरह की आंख मिचौली चल सकती है।
गर्मी की आहट के बीच आए बादलों से कुछ देर की राहत तो मिल रही है, लेकिन मौसम साफ होते ही उमस के साथ तेज धूप लोगों को बीमार करने में सहायक होगी। लोगों को खानपान के साथ सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। खासकर बुजुर्ग व बच्चों का विशेष ध्यान रखें।