ऐतिहासिक संग्राम सागर तालाब बनेगा पर्यटन का बड़ा केन्द्र
जबलपुर. संग्राम सागर बड़ा तालाब होने के साथ पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यहां छुट्टी के दिन में लोग सैर करने आते हैं। बाजनामठ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। एमपीटी संग्राम सागर में नौकायन शुरू करने की संभावनाओं पर काम कर रहा है। जिससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा।
नौकायन का प्रस्ताव
ऐतिहासिक संग्राम सागर तालाब पर्यटन का बड़ा केन्द्र बनेगा। यहां विकास के कई काम शुरू होंगे। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम व नगर निगम ने हरी-भरी वादियों से घिरे इस स्थल को अपनी प्लानिंग में शामिल कर लिया है। वर्षों से उपेक्षित था सुरम्य प्राकृतिक व ऐतिहासिक स्थल को संवारने के लिए पत्रिका ने अभियान चलाया था। इसके बाद जिम्मेदारों ने संग्राम सागर को विकास की प्लानिंग में शामिल किया है।
रोपवे खींच लाएगा पर्यटक- मदनमहल किला-शारदा मंदिर से होकर, शैलपर्ण, पिसनहारी की मढ़िया होते हुए संग्राम सागर तक रोपवे निर्माण होना है। नगर निगम ने अपने बजट प्रस्ताव में इस पहाड़ी पर रोपवे निर्माण प्रस्तावित किया है। अगर दोनों एजेंसी प्रोजेक्ट पर राशि खर्च करती हैं तो यहां पर्यटन विकास के नए अवसर विकसित होंगे।
कैफेटेरिया और उद्यान तैयार
संग्राम सागर में नगर निगम व स्मार्ट सिटी ने आकर्षक उद्यान विकसित किया है। इसके साथ इस रमणीय स्थल में सैर के लिए आने वाले लोग लजीज व्यंजन का लुत्फ उठा सकें इसे ध्यान में रखकर यहां कैफेटेरिया भी विकसित किया गया है। जिसका संचालन शुरू करने के लिए एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया जारी है।
मदन महल पहाड़ी से लेकर संग्राम सागर, बाजनामठ तक पर्यटन विकास की भरपूर संभावना है। जिन पर काम जारी है। यहां रोपवे स्थापना के साथ पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं का विकास किया जा सकेगा।
विनोद गोंटिया, अध्यक्ष मप्र पर्यटन विकास निगम