जबलपुर

weather alert: पूर्वी मप्र के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना, आज तेज बारिश का अलर्ट जारी

weather alert: पूर्वी मप्र के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना, आज तेज बारिश का अलर्ट जारी

2 min read
Aug 22, 2020
IMD weather: jabalpur heavy rain forecast report in hindi

जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के असर से शुक्रवार को शहर में बारिश हुई। शनिवार को सम्भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। इसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाली तीज पर काले बादल मेहरबान रहे।
आसमान में मंडरा रहे काले बादल गुरुवार की रात से सक्रिय थे। शुक्रवार को सुबह लोगों की नींद खुली तो रिमझिम बरसात हो रही थी। सडक़ें गीली और काले बादलों के छाए रहने से हल्का अंधेरा था। बारिश वाले बादलों की खेप ने रुक-रुक कर पूरे दिन पानी बरसाया। कभी कहीं-कहीं पर तेज बूंदाबांदी हुई तो कभी छिटपुट बूंदें पड़ीं। गुरुवार को रात से शुक्रवार शाम के बीच करीब 42.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही सीजन में इस साल कुल बारिश 732 मिमी हो गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश और हवा में नमी से शाम तक मौसम में हल्की ठंडक घुल गई। उमस-गर्मी से गायब हो गई। शीतल हवा चलने से मौसम खुशनुमा रहा।

सात डिग्री तक लुढक़ा पारा
शुक्रवार को बादल बने रहने और बारिश से पारे की चाल पलट गई। बारिश नहीं होने से पारा दो दिन में तीन डिग्री तक ऊपर चला गया था। इसमें गिरावट आयी है। अधारताल स्थित मौमस विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अािधकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस था। इसमें शुक्रवार को ढाई से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आयी। तापमान सामान्य से चार डिग्री तक नीचे चला गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से चार डिग्री तक नीचे बना रहा। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य के बराबर बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 98 प्रतिशत और शाम को 92 प्रतिशत थी।


एक दो दिन तक हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार उड़ीसा और उससे लगे झारखंड एवं छत्तीसगढ़ से सटे इलाके पर बना कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर शिफ्ट हो गया। इससे बारिश वाले बादल आए। इसके साथ ही शहर सहित मध्य भारत के ऊपर से मानसून ट्रफ लाइन बनी हुई है। दोनों सिस्टम के प्रभावी होने से बारिश हो रही है। बारिश के लिए आने वाले दो दिन भी अनुकूल है।


बरगी डैम के अभी भी 11 गेट खुले

कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश से बरगी डैम में पानी की आवक हो रही है। अभी बरगी डैम के 11 गेट आधा मीटर तक खुले हैं। इससे पहले मंगलवार को बरगी डैम के 13 गेट खुले थे। बाद में दो गेट बंद कर दिए गए। गेट की हाइट भी बढ़ाई गई थी। शुक्रवार को नर्मदा का जलस्तर कुछ कम हुआ। वहीं तिलवारा में छोटे पुल से एक फीट नीचे तक पानी है। भेड़ाघाट में अभी धुआंधार गायब है।

Published on:
22 Aug 2020 01:44 pm
Also Read
View All