मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को हीटवेव का असर रहेगा।
IMD Weather : सूर्यदेव आग उगल रहे हैं। तीन दिन से पारा लगातार 40 डिग्री के पार चल रहा है। बुधवार को भी गर्म हवा के थपेड़ों ने परेशान किया। दिन की गर्मी का असर रात में भी दिखने लगा है। घरों में एसी व कूलर चालू हो गए हैं। अब मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को हीटवेव का असर रहेगा। लेकिन शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर मौसम बदलेगा और बादल बारिश की स्थिति बनेगी।
बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट हुई। फिर भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़त दर्ज हुई। यह 20.2 से बढ़कर 22.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक था।गर्मी से बचने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों के साथ ही कूलर, पंखा-एसी का सहारा ले रहे हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया।आज भी दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
जबलपुर. जिले में पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए छात्र संगठनों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूलों का समय बदलने की मांग की है। मप्र स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में स्कूल सुबह की पाली में लग रहे हैं। लेकिन जिले में अभी तक इस सबंध में निर्णय नहीं हुआ है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता विराज यादव, जिलाध्यक्ष सचिन रजक ने कहा कि 41 से 42 डिग्री के बीच तापमान है। इसका असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है।
गर्मी बढ़ने के चलते स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार लू से बचाव के लिए भरपूर पानी पीने, दोपहर 12 से 4 के बजे के बीच तेज धूप में जाने से बचने के लिए कहा है। धूप में अधिक परिश्रम वाले काम नहीं करने, छतरी, गमछा व धूप के चश्मे का उपयोग करने के लिए कहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल ने बताया कि गर्मी व लू से बचाव के लिए चाय-कॉफी का ज्यादा सेवन नहीं करें। बच्चों को बंद वाहनों में अकेला नहीं छोड़ने की सलाह भी दी।