आइपीएल सट्टे के साथ तेज हुआ हवाला कारोबार
जबलपुर। रातोंरात अमीर बनने का ख्वाब बुनने वाले युवा संगठित आर्थिक अपराध के दलदल में धंस रहे हैं। क्रिकेट सट्टा हो या हवाला नेटवर्क, शहर में समानांतर अर्थव्यवस्था चलाई जा रही है। पुलिस आइपीएल सट्टे के छह मामले पकड़ चुकी है। भेड़ाघाट, गढ़ा, केंट, कोतवाली और बेलबाग क्षेत्र में कुछ छोटे ‘खिलाडिय़ों’ पर हाथ डालने में सफल रही, जबकि कई बड़े ‘खिलाड़ी’ गिरफ्त से दूर हैं। शहर में हर दिन आइपीएल सट्टे पर 30 से 40 करोड़ रुपए का दांव लग रहा है। हवाला के जरिए रकम पहुंचाने का खेल भी शुरू हो गया है। सूत्रों की मानें तो क्रिकेट सटोरियों की रकम एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाने के एवज में वे तीन से पांच प्रतिशत तक कमीशन लेते हैं।
जीआरपी ने सुनरहाई स्थित चौधरी ट्रेडर्स के संचालक अशोक चौधरी के यहां काम करने वाले राजस्थान के पाली निवासी थानाराम को एक अक्टूबर की रात मुख्य रेलवे स्टेशन पर मुम्बई जाते हुए गिरफ्तार किया। उसके बैग से 1.27 करोड़ रुपए नकद और छह किलो चांदी की जब्ती ने एक बार फिर हवाला कारोबार की पोल खोल दी।
हवाला कारोबारी कम पढ़े-लिखे बेरोजगारों को निशाना बनाते हैं। दिल्ली, मुम्बई सहित अन्य शहरों में रकम पहुंचाने के लिए युवक-युवतियों को जनरल व बुकिंग टिकट मुहैया कराते हैं। कभी पि_ू बैग तो कभी ट्रॉली बैग में रकम भेजते हैं। वर्ष 2019 में पंजू गोस्वामी के यहां आयकर इंन्वेटीगेशन विंग की कार्रवाई में इसका खुलासा हुआ था। उसके यहां बड़ी मात्रा में टिकट बुकिंग का प्रकरण पकड़ा गया था।
पंजू के यहां हुआ था बड़ा खुलासा- 15 नवम्बर 2018 को अतुल खत्री के यहां काम करने वाले कर्मचारी से पंजू गोस्वामी के बारे में खुलासा हुआ था। आयकर की इन्वेस्टिगेशन विंग की पूछताछ में उसने हवाला के जरिए तीन महीने मेंं 100 करोड़ रुपए भेजना स्वीकार किया था। उसने हवाला के पूरे नेटवर्क का भी खुलासा किया था।
ये हथकंडे अपनाते हैं - हवाला कारोबारी हाइटेक तकनीक में दक्ष युवाओं को चंद दिनों में अमीर बनने का ख्वाब दिखाकर अपने नेटवर्क से जोड़ते हैं। रकम पहुंचाने के लिए कैरियर के तौर पर इनका इस्तेमाल करते हैं। चेन बनाकर व्यापार करना, क्रिप्टो करेंसी में निवेश में कमीशन का लालच देते हैं। इससे तमाम युवा जाल में फंस जाते हैं।
ये पहुंचाते हैं हवाला के जरिए रकम
सट्टा, सराफा, मशीनरी से जुड़े लोग, लोहा-सीमेंट, स्टील खिलौने, माइनिंग से जुड़े कई ‘खिलाड़ी’ हवाला के जरिए रकम पहुंचाते हैं। ये नाम आ चुके हैं सुर्खियों में पंजू गोस्वामी, क्रिकेट सटोरिया सतीश सनपाल, खूबचंद लालवानी, अतुल खत्री, गुजरात की हंसमुख कुमार-कांतिलाल फर्म सुर्खियों में आ चुकी है।
आइपीएल के पकड़े गए सट्टे के हिसाब में अब तक करोड़ों रुपए का मामला सामने आया है। हवाला कारोबारी भी हमारे टारगेट पर हैं। पुख्ता सूचना के आधार पर ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई करेंगे।
- गोपाल प्रसाद खंडेल, एएसपी क्राइम