
जबलपुर। शहर में एक तरफ गणेशोत्सव की धूम है, तो वहीं शुक्रवार तक मोहर्रम पर्व भी चल रहा था। सभी त्यौहारों को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए पुलिस हर स्तर पर मुस्तैद रही। लेकिन शाम होते ही सदर में दो गुटों में विवाद हो गया। मामला बिगड़ता देख, भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मामले को शांत कराया।
news facts- सदर में दो गुटों के बीच विवाद, भारी बल के साथ पहुंचे एसपी
‘कौन बन रहा है सदर का गुंडा? कैसे पुलिस के सामने कोई नारेबाजी कर सकता है, चिह्नित करो, सबको ठीक कर दूंगा, मैं यहीं रात भर हूं, देखते हैं कौन विवाद करता है।’ शुक्रवार रात सदर की गली नम्बर-नौ में दो गुटों के बीच हुए विवाद की सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी के तेवर देख लोग खिसक गए। पुलिस बल ने सभी गलियों में पैदल भ्रमण किया। एएसपी संजीव को सभी को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
ये है मामला-
सदर की गली नम्बर नौ में एक परिवार की गैस टंकी, जूते-चप्पल और चाय की दुकान है। रात आठ बजे के लगभग कुछ लोग वहां पहुंचे और चाय की दुकान में तोडफ़ोड़ कर दी। पुलिस के मुताबिक दुकानदार ने बताया कि उसकी तीन गैस की टंकी भी आरोपित उठा ले गए। विवाद की खबर फैलते ही आस-पास की दुकानें बंद हो गईं। एसपी अमित सिंह, एएसपी राजेश त्रिपाठी, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, सीएसपी केंट मुकेश अविद्रा सहित भारी पुलिस बल बलवा ड्रिल के साथ मौके पर पहुंचा। पैदल सभी गलियों में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
इधर बच्चों के विवाद में भिड़ गए बड़े
हनुमानताल थाना अंतर्गत प्रेम सागर में बच्चों के विवाद को लेकर बड़े आपस में भिड़ गए। पुलिस ने मामले में एक पक्ष के खिलाफ एससी एसटी एक्ट का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार प्रेम सागर निवासी श्रेया चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका बच्चा और पड़ोस में रहने वाले मयंक साहू का बच्चा एक ही स्कूल बस से जाते हैं। गुरुवार को उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात में श्रेया इसकी उलाहना देने मयंक साहू के घर पहुंची, तो वह विवाद करने लगा। श्रेया ने विरोध किया, तो उसने मारपीट कर दी।