
जबलपुर। होली की खुशियों के बीच एक दर्दनाक खबर आई है। मजदूरी के लिए कछपुरा मालगोदाम जा रहे मजदूरों से भरी बस खजरी खिरिया बायपास के पलटने से 20 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मजदूरों से भरी बस एमपी 20 पीए 0807 सुबह 9.30 बजे अचानक पलट गई। घटना में 20 मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बाइक सवार के सामने आने और उसे बचाने के चलते हुआ है। तेज रफ्तार बस को ड्राइवर ने अचानक रोकने का प्रयास किया था, जिसके चलते बस रेलिंग से टकरा कर पलट गई।
पुलिस के अनुसार बस पनागर बुढ़ागर निवासी अरविंद तिवारी के नाम पर दर्ज है। बस गांधीग्राम से 35 मजदूरों को लेकर कछपुरा के लिए निकली थी। घायलों ने बताया कि बस का ड्राइवर तेज रफ्तार में चला रहा था। खजरी-खिरिया बायपास क्रासिंग पर अचानक बस के सामने एक बाइक सवार आ गया जिसे इसे बचाने में ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया, रफ्तार ज्यादा होने पर बस लहराते हुए रेलिंग से टकराकर पलट गई। मजदूरों में चीख पुकार मच गई तो आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे।
बस पलटने की खबर सुनते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्टाफ की मदद से बस में सवार घायल मजदूर इमरत लाल कोल उम्र 22 वर्ष, विनोद केवट उम्र 28 वर्ष, शीतल प्रसाद केवट उम्र 60 वर्ष, मनोहर साहू उम्र 62 वर्ष, दिलीप पटेल उम्र 37 वर्ष, गोलू कोल उम्र 30 वर्ष, जय किशोर केवट उम्र 24 वर्ष, राज केवट उम्र 20 वर्ष, छोटे कोल उम्र 45 वर्ष, सोमनाथ कोल उम्र 32 वर्ष, विजय कोल उम्र 23 वर्ष, विनय केवट उम्र 30 वर्ष, नोखेलाल केवट्र उम्र 53 वर्ष, दिलीप कोल उम्र 24 वर्ष, विक्रम केवट उम्र 33 वर्ष,, सुखलाल केवट उम्र 38 वर्ष, लक्ष्मण कोल उम्र 19 वर्ष, सुरेन्द्र कोल उम्र 21 वर्ष, आनदं केवट उम्र 23 वर्ष,, सोनू केवट उम्र 24 वर्ष, सभी निवासी गांधीग्राम गोसलपुर को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया गया। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।