जबलपुर

बहू की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, प्रतिष्ठित स्कूल संचालक गिरफ्तार

Joy School - एमपी के एक प्रतिष्ठित स्कूल के संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बहू की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई है।
2 min read
Jun 29, 2025
Jabalpur's Joy School owner Akhilesh Meban arrested again
Jabalpur's Joy School owner Akhilesh Meban arrested again- image social media

Joy School - एमपी के एक प्रतिष्ठित स्कूल के संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बहू की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई है। धर्मांतरण मामले में जबलपुर के जॉय स्कूल के मालिक अखिलेश मेबन को गिरफ्तार किया गया है। उनकी बहू कैप्टन आकांक्षा अरोड़ा ने धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। संचालक अखिलेश की पत्नी और पति भी पुलिस गिरफ्त में हैं। आरोपियों पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। अखिलेश मेबन को पहले भी हिंदू देवी देवताओं पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

कैप्टन आकांक्षा अरोड़ा ने अपने पति कैप्टन तनय मेबन, जॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मालिक अखिलेश मेबन और उनकी पत्नी नीनू मेबन पर शादी के पहले जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को की गई शिकायत में कैप्टन आकांक्षा ने बताया कि सन 2017 में धर्म परिवर्तन के बाद ही कैप्टन तनय मेबन से उनकी शादी कराई गई थी। शादी के बाद भी मेबन परिवार ने धर्म को लेकर प्रताड़ित किया और बाद में घर से ही निकाल दिया। इस पर बहू आकांक्षा ने पुलिस में केस दर्ज कराया था। महिला थाना पुलिस ने आरोपियों पर एफआइआर दर्ज की।

आकांक्षा अरोड़ा का आरोप है कि केस वापस लेने के लिए पति तनय मेबन ने बात करने के लिए शहर के एक कैफे में बुलाया। इस दौरान दोनों में तकरार हुई। बहू ने तीनों आरोपियों पर सेना की नौकरी छुड़वाने का आरोप भी लगाया है।

बहू आकांश ने बताया कि शादी के बाद उनसे मारपीट की गई। इस पर 2021 में भी महिला थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी। उनका यह भी आरोप है कि सास-ससुर के दबाव में ही उन्हें नौकरी छोडऩी पड़ी थी।

हिंदू देवी देवताओं पर आपत्तिजनक स्टेटस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका

बता दें कि जॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मालिक अखिलेश मेबन को पहले भी हिंदू देवी देवताओं पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। जबलपुर पुलिस ने इस केस में उन्हें अप्रैल में कोच्चि एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।

Updated on:
29 Jun 2025 07:25 pm
Published on:
29 Jun 2025 07:25 pm